चोपन/ एबीएन न्यूज। लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए खतरे के निशान से 44 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने चोपन में सोन नदी के किनारे स्थित बस्तियों का औचक निरीक्षण कर जमीनी स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नदी के बढ़ते जलस्तर, तटवर्ती बस्तियों की स्थिति एवं संभावित संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नदी किनारे एवं निचले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा नागरिकों को समय-समय पर बढ़ते जलस्तर के प्रति सचेत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने नदी तट के संवेदनशील एवं आवागमन वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने और सांकेतिक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी व्यक्ति नदी किनारे अथवा तेज बहाव वाले क्षेत्र में न जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को भी आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सक्रिय करने के लिए तैयार रखने को कहा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील की कि सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, इसलिए विशेष सतर्कता बरतें। नदी तट, तेज बहाव एवं जलप्रवाह वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा बच्चों एवं पशुओं को भी इन क्षेत्रों से दूर रखें। उन्होंने प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।

जिला प्रशासन द्वारा सोन नदी के जलस्तर एवं तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार पासवान, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, सीओ सदर रणधीर मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चोपन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
![]()












