अनपरा/सोनभद्र/ एबीएन न्यूज। उचित दर विक्रेता संघ, सोनभद्र के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से भेंट कर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने पर संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापन सौंपा।
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित दर विक्रेता गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। सरकार द्वारा लाभांश में की गई वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक संबल मिलेगा और उनके सेवा कार्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता एवं सम्मान भी प्रदर्शित होता है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लाभांश बढ़ने से उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हित मजबूत होंगे तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहयोग मिलेगा। संघ ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति विशेष कृतज्ञता व्यक्त करते हुए खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय का भी आभार जताया।
![]()











