अनपरा//एबीएन न्यूज। एनसीएल बीना परियोजना से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूली विद्यार्थियों के लिए संचालित बस सेवा बंद होने से बच्चों और अभिभावकों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बीना परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र देकर पूर्व की भांति विद्यार्थियों के लिए निशुल्क बस सेवा बहाल कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार बीना परियोजना के सीएसआर मद से पूर्व में आसपास के विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराई जाती थी। इसके माध्यम से डीएवी बीना, विवेकानंद विद्यालय शक्तिनगर, सेंट जोसेफ शक्तिनगर, सरस्वती विद्या मंदिर खड़िया, राजकीय इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी आवागमन करते थे।
शिकायत में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से यह सुविधा बंद कर दी गई है। वर्तमान में कुछ बसें संचालित हो रही हैं, लेकिन उनमें ग्रामीण विद्यार्थियों को बैठने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बच्चों से बस पास की मांग की जाती है, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना प्रबंधन की ओर से उन्हें बस पास जारी नहीं किए जा रहे हैं।
बस सेवा बंद होने से दूर स्थित विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। अभिभावकों को बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए अतिरिक्त समय और आर्थिक खर्च उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इससे बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीणों ने परियोजना प्रबंधन से प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों के हित को देखते हुए पूर्ववत बस सेवा तत्काल बहाल करने की मांग की है। साथ ही पात्र विद्यार्थियों के लिए पारदर्शी प्रक्रिया के तहत बस पास जारी करने की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई है, ताकि बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
![]()
















