अनपरा/एबीएन न्यूज। थाना क्षेत्र के वार्ड 8 बल्लभभाई नगर स्थित मुड़ी सेमर मोहल्ले में स्कूल से घर लौट रही 11 वर्षीय छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और विरोध करने पर उसकी मां के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने अनपरा थाने में तहरीर देकर आरोपित युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला के अनुसार, उनकी 11 वर्षीय बेटी दोपहर करीब 2:30 बजे स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थी। आरोप है कि किंडरगार्टन स्कूल से कुछ दूरी पर सूरज भारती पुत्र राजेंद्र भारती ने छात्रा का हाथ पकड़कर उसे बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
बेटी की बात सुनने के बाद उसकी मां ने रास्ते में सूरज से घटना के संबंध में पूछताछ की। महिला का आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने अनपरा थाने पहुंचकर तहरीर दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने आरोप लगाया कि संबंधित युवक के खिलाफ पूर्व में भी स्थानीय थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं तथा उसके विरुद्ध मिनी गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई किए जाने का दावा किया गया है। परिजनों ने युवक की कथित गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल होने की बात भी कही है।
थानाध्यक्ष प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
![]()
















