दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। भारतीय जनता पार्टी दुद्धी मंडल की ओर से सेवा संकल्प अभियान-2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर नगर पंचायत सभागार दुद्धी में मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों के संचालन और जन-जन तक सेवा गतिविधियों को पहुंचाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जीत सिंह खरवार ने कहा कि सेवा, समर्पण और संगठन के संकल्प के साथ जनसेवा का यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सेवा भावना में निहित है।
बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों के वितरण और तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा दुद्धी मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने की। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला मंत्री दिलीप पाण्डेय एडवोकेट, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुमित सोनी, राज्यपाल द्वारा मनोनीत सभासद धनंजय रावत सहित मंडल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री प्रेमनारायण सिंह ‘मोनू’ ने किया।
कार्यशाला के दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने तथा संगठन के संदेश को बूथ स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
![]()
















