सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज झारोकला, दुद्धी का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय भवन के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निर्माण कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारी को तत्काल कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में श्रमिकों और मिस्त्रियों की संख्या बढ़ाने को कहा, ताकि निर्धारित समय में कार्य पूरा किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय भवन का निर्माण हर हाल में 15 दिसंबर तक पूरा कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

जिलाधिकारी ने भवन निर्माण में इस्तेमाल हो रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की थर्ड पार्टी से जांच कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता में लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय झारोकला में अध्ययनरत छात्राओं से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था, शिक्षण कार्य और पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन विद्यालय भवन की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक देरी अथवा गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड एस.के. सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
![]()
















