अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने एमएमबीसीबी मार्ग के किमी-39 से बनवासी सेवा आश्रम होते हुए छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक करीब 14 किलोमीटर लंबाई में निर्माणाधीन सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 54.10 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस कार्य की प्रगति बेहद धीमी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य की मॉनिटरिंग में शिथिलता पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड के सहायक अभियंता नवीन श्रीवास्तव और छोटेलाल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। वहीं निगरानी में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरतने पर अवर अभियंता जितेंद्र तिवारी, श्रीकेश, राजेश शर्मा और संतोष कुमार सिंह के वेतन भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड को चेतावनी जारी करने के साथ संबंधित सहायक अभियंताओं को भी चेतावनी देने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर संबंधित ठेकेदार पर 20 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य दो माह के भीतर हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने निर्माण में तेजी लाने के साथ निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। ऐसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता एस.के. सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
![]()
















