सिंगरौली/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने सीएसआर के तहत स्कूली बच्चों के पोषण एवं समग्र विकास को बढ़ावा देने के लिए श्री सत्य साईं अन्नपूर्णा ट्रस्ट के साथ एमओयू किया है। इस पहल के तहत सोनभद्र जिले के 126 विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के करीब 10 हजार विद्यार्थियों को एक वर्ष तक प्रातःकालीन पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा।
एनसीएल के अनुसार इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ उनके स्वास्थ्य, सीखने की क्षमता और विद्यालय में नियमित सहभागिता को बढ़ावा देना है। पौष्टिक आहार उपलब्ध होने से बच्चों के समग्र विकास में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
एमओयू पर एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (सीएसआर) राजीव रंजन तथा श्री सत्य साईं अन्नपूर्णा ट्रस्ट की ओर से आशीष भारद्वाज ने हस्ताक्षर किए। यह पहल एनसीएल की सीएसआर गतिविधियों के तहत संचालित की जाएगी।
इसी क्रम में एनसीएल की इस सीएसआर पहल के तहत न्याय पंचायत कुलडोंमरी और कोटा के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के बच्चों को सप्लीमेंट न्यूट्रीशन भी वितरित किया गया। इससे बच्चों को नियमित अध्ययन के साथ पोषण संबंधी अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
![]()
















