शक्तिनगर/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय में पूर्व छात्र समागम समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय संगठन के पूर्व सहायक आयुक्त सी. विजय रत्नम तथा विशिष्ट अतिथि एनटीपीसी पटना के डीजीएम प्रभंजन झा रहे।
समारोह का उद्देश्य विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को एक मंच पर एकत्रित कर पुरानी स्मृतियों को साझा करना, आपसी संबंधों को मजबूत करना और वर्तमान विद्यार्थियों को पूर्व छात्रों के अनुभवों एवं उपलब्धियों से प्रेरणा दिलाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद स्वस्ति वाचन और स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या ने स्वागत संबोधन में अतिथियों एवं पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों और पूर्व छात्रों के योगदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय और विद्यार्थी का संबंध केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह जीवनभर जुड़ा रहने वाला आत्मीय रिश्ता है।
इसके बाद केंद्रीय विद्यालय गीत की प्रस्तुति हुई। पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपना परिचय देते हुए विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादों और अनुभवों को साझा किया। वर्तमान विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, प्राथमिक विभाग की नृत्य प्रस्तुति, समूह गीत तथा माध्यमिक विभाग की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह को उल्लास और भावनात्मक स्मृतियों से भर दिया।
मुख्य अतिथि सी. विजय रत्नम ने विद्यालय के शैक्षिक एवं संस्कारपरक वातावरण की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने तथा अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि प्रभंजन झा ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में मनोज कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में पूर्व छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और वर्तमान विद्यार्थियों की सहभागिता रही।
![]()
















