दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने दुद्धी थाना परिसर में दुद्धी सर्किल के अंतर्गत आने वाले पांच थानों की समीक्षा बैठक कर अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनसुनवाई, मिशन शक्ति और साइबर अपराधों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने थाना दुद्धी का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अर्दली रूम में थाना दुद्धी, विंढमगंज, म्योरपुर, बभनी और बीजपुर से संबंधित पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों और जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया। क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी, वाचक पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण पर्वत सहित संबंधित थानों के प्रभारी निरीक्षक, चौकी प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा, जागरूकता और महिला हेल्प डेस्क को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान साइबर फ्रॉड की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, पीड़ितों की धनराशि होल्ड अथवा फ्रीज कराने के प्रयास तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

एसपी ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं अन्य पोर्टलों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंटों की तामीला, निरोधात्मक कार्रवाई तथा हिस्ट्रीशीटरों और अराजक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने को भी कहा गया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना दुद्धी का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेखों, जनसुनवाई व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति से संबंधित व्यवस्थाओं, बैरक और मालखाने का जायजा लिया। अभिलेखों एवं कार्यालयीय कार्यों का अवलोकन करते हुए उन्होंने रिकॉर्ड का सुव्यवस्थित रख-रखाव, जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा थाना परिसर में साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने तथा महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा जनता का विश्वास मजबूत करने के निर्देश दिए।
![]()















