सोनभद्र/एबीएन न्यूज। स्थायी लोक अदालत के हस्तक्षेप से रिटायर्ड कर्मचारी कैलाश नाथ पाठक को बीमा कंपनी से ब्याज सहित 1 लाख 55 हजार 940 रुपये का चेक मिला। राबर्ट्सगंज कचहरी परिसर स्थित एडीआर भवन में संचालित स्थायी लोक अदालत में मंगलवार को मामले का निस्तारण किया गया। आदेश के करीब पांच माह बाद बीमा राशि का भुगतान संभव हुआ।
राबर्ट्सगंज के विकास नगर निवासी कैलाश नाथ पाठक ने यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी से 10 लाख रुपये का बीमा कराया था, जिसकी वैधता 11 मार्च 2022 से 10 मार्च 2023 तक थी। पत्नी की तबीयत खराब होने पर इलाज में हुए खर्च के भुगतान को लेकर उन्होंने बीमा कंपनी से संपर्क किया, लेकिन उनके अनुसार पूरी राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसके चलते उन्हें 1 लाख 49 हजार 152 रुपये अपनी जेब से खर्च करने पड़े।
बकाया बीमा राशि पाने के लिए कैलाश नाथ पाठक ने कंपनी को रजिस्टर्ड डाक से पत्र भेजा और सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत भी जानकारी मांगी, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने स्थायी लोक अदालत में वाद दाखिल किया। अदालत के हस्तक्षेप के बाद मामले का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण हुआ। स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष नरेंद्र बहादुर प्रसाद ने उन्हें ब्याज सहित 1 लाख 55 हजार 940 रुपये का चेक प्रदान किया।
अध्यक्ष नरेंद्र बहादुर प्रसाद ने बताया कि स्थायी लोक अदालत में बिजली, पानी, अस्पताल, परिवहन, बीमा, शिक्षा, डाक और नगर पालिका जैसी जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण बिना कोर्ट फीस के किया जाता है। सदस्य नीरज सिंह ने कहा कि यहां सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का समाधान कराया जाता है और जिले के लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर स्थायी लोक अदालत के सदस्य आशीष मिश्रा, अधिवक्ता आशुतोष पाठक और बीमा कंपनी के अधिवक्ता ओमप्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
![]()












