अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सोनभद्र पुलिस ने ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी का मामला उजागर करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी और हिन्दुआरी, चुर्क एवं लोढ़ी चौकियों की संयुक्त टीम ने एक ट्रक से 625 पेटियों में रखी 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार, शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये है। लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की 1,275 यूनिट, ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/नगर मेविस टॉक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, 14 और 15 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की ओर सड़क से हटकर मैदान में खड़े एक ट्रक की जांच की गई।
ट्रक के केबिन में बैठे दो व्यक्तियों ने पूछताछ में अपनी पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के नसीब चन्द राजपूत (40) और कृष्णपाल राजपूत (38) के रूप में बताई। दोनों ने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदे होने की बात कहते हुए इनवॉइस और ई-वे बिल प्रस्तुत किए। पुलिस के अनुसार, दस्तावेजों में माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था, जबकि दोनों ने शराब सहित माल हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से लादकर रांची ले जाने की बात बताई। दस्तावेजों और उनके बयानों में अंतर मिलने पर ट्रक की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान लाहौरी जीरा की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें रॉयल स्टैग 750 एमएल की 407 पेटियों में 4,884 शीशी, रॉयल स्टैग 180 एमएल की 58 पेटियों में 2,784 शीशी और रॉयल ग्रीन 750 एमएल की 160 पेटियों में 1,920 शीशी शामिल हैं। शराब की बोतलों पर “Only for Punjab Sale” अंकित था। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

दोनों आरोपियों को 15 अक्टूबर की रात करीब 1:08 बजे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शराब, ट्रक, दो मोबाइल फोन और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया। इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा संख्या 839/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में ट्रक के मालिक या वाहन स्वामी की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। शराब की आपूर्ति के स्रोत, वाहन स्वामी की भूमिका और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विवेचना जारी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध बनारसी यादव, एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा, उप निरीक्षक विनय कुमार सिंह, धर्मनारायण भार्गव और उमाशंकर यादव सहित पुलिस एवं एसओजी के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
![]()












