दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ‘लोकतंत्र अपनाओ–अराजकता हटाओ’ नारे के साथ प्रदर्शन किया। परिषद ने निर्वाचन आयोग और न्यायालय सहित संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की अपील करते हुए उनके विरुद्ध अविश्वास फैलाने के प्रयासों का विरोध किया।
प्रदर्शन के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए हिंसा और अराजकता का सहारा लेना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अभाविप के सोनभद्र विभाग संयोजक अमन जायसवाल ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता और चुनाव सुधार की प्रक्रियाओं पर निराधार सवाल उठाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। वहीं, तहसील संयोजक राधाकृष्ण सिंह ने कहा कि चुनाव सुधार की पारदर्शी प्रक्रियाओं को विवादित बनाकर और संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करके देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच भ्रम फैलाकर लोकतंत्र को मजबूत नहीं किया जा सकता।
परिषद ने इस प्रदर्शन को राष्ट्रहित और संवैधानिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। इस दौरान विकास चौधरी, अनामिका, संतोष कुमार, अशोक कुमार, रेशमी गुप्ता, आकाश कुमार, बबलू सिंह, मनोज सिंह, जयप्रकाश सोनकर और राहुल कन्नौजिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()











