दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर एवं को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी रवि सिंह का 70वें नेशनल स्कूल गेम्स (एसजीएफआई) के लिए रेफरी एवं तकनीकी अधिकारी के रूप में चयन हुआ है। जम्मू-कश्मीर सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से जिम्मेदारी मिलने के बाद रवि सिंह प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए श्रीनगर रवाना हो गए हैं।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अंतर्गत आयोजित होने वाली 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स ताइक्वांडो प्रतियोगिता 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक गांदरबल स्थित जीसीओपीई, श्रीनगर में होगी। इसमें अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रवि सिंह प्रतियोगिता के दौरान रेफरी एवं तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
उनके चयन से सोनभद्र जिले और हिण्डालको रेणुकूट में खुशी का माहौल है। हिण्डालको परिवार की ओर से यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा, बॉयलर एवं को-जनरेशन हेड कैलाश प्रधान, कमल किशोर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रवि सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रवि सिंह ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अंतरराष्ट्रीय रेफरी अतुल पंगोत्रा, विनोद, अपनी माता और स्वर्गीय पिता महामाया प्रसाद सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता भले ही आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और संघर्ष हमेशा प्रेरणा देता है। माता-पिता के सपनों को पूरा करना उनका सबसे बड़ा लक्ष्य रहा है।
रवि सिंह की यह उपलब्धि खेल जगत में सोनभद्र और हिण्डालको रेणुकूट के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता युवाओं को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देती है।
![]()














