शक्तिनगर/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। शक्तिनगर, अनपरा और आसपास के क्षेत्रों में बिजली परियोजनाओं से निकलने वाली फ्लाई ऐश के परिवहन के दौरान सड़क पर राख गिरने और वाहनों की आवाजाही से उड़ती धूल के कारण प्रदूषण बढ़ने का आरोप लगाया गया है। इससे वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर चलने वाले राहगीरों, स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राख के गुबार से दृश्यता प्रभावित होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
अनपरा भाजपा मंडल महामंत्री कृष्णा चौरसिया ने बताया कि मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित विंध्यनगर क्षेत्र और शक्तिनगर की बिजली परियोजनाओं के फ्लाई ऐश राख बांधों से सूखी और गीली राख ट्रेलर वाहनों के माध्यम से परिवहन की जाती है। उनके अनुसार, कई बार वाहनों पर तिरपाल ठीक से ढका नहीं होने या राख सड़क पर गिरने से मार्ग पर धूल फैल जाती है। वाहनों के गुजरने पर राख उड़ने से राहगीरों के कपड़े और शरीर धूल से भर जाते हैं, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई होती है।
उन्होंने बताया कि शक्तिनगर की कोटा बस्ती, पीडब्ल्यूडी मोड़, बीना, रेणुसागर मोड़, अनपरा मोड़, औड़ी मोड़, काशी मोड़ और वहां स्थित बस स्टैंड के आसपास प्रदूषण की समस्या सामने आ रही है। काशी मोड़ पर गीली राख गिरने के बाद शाम के समय धूल का गुबार उठने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती है। काशी मोड़ से डिबुलगंज तक सड़क और उसके किनारों की नियमित सफाई नहीं होने से समस्या और गंभीर हो रही है।
कृष्णा चौरसिया ने कहा कि पिछले वर्ष औड़ी मोड़ से डिबुलगंज तक सड़क की सफाई का कार्य लैंको की ओर से कराया जाता था, लेकिन उनके अनुसार, कंपनी के बिकने और मेघा के आने के बाद से नियमित सफाई तथा पानी के छिड़काव में कमी आई है। उन्होंने कहा कि पहले सड़क पर पानी का छिड़काव और सफाई की व्यवस्था की जाती थी, जिससे धूल उड़ने की समस्या कम होती थी।
उन्होंने प्रदेश सरकार के स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों और बिजली परियोजनाओं को सड़क पर फैल रही राख तथा प्रदूषण की समस्या को गंभीरता से लेना चाहिए। केवल कागजों पर कार्रवाई करने के बजाय मौके पर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
भाजपा मंडल महामंत्री ने मांग की कि काशी मोड़ से डिबुलगंज तक तथा प्रभावित मार्गों पर सड़क और पटरियों की नियमित सफाई के लिए स्वीपिंग मशीन लगाई जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार पानी का छिड़काव कराया जाए और राख का परिवहन करने वाले वाहनों को तिरपाल से ढककर चलाने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि मेघा कंपनी नियमित सफाई की व्यवस्था नहीं कर पा रही है, तो एनटीपीसी सिंगरौली और एनटीपीसी विंध्याचल सहित संबंधित बिजली परियोजनाओं को जिम्मेदारी निभाते हुए प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
![]()












