सोनभद्र/एबीएन न्यूज। शक्तिनगर पुलिस ने कृष्णशिला क्षेत्र में हुई बैटरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की नौ एक्साइड कंपनी की बैटरियां बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य चोरी की घटना में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 12/13 अक्टूबर 2026 की रात कृष्णशिला के सीएचपी क्षेत्र स्थित सब स्टेशन-सी से नौ बैटरियां चोरी हुई थीं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरी की संपत्ति की बरामदगी और घटना के खुलासे के प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 16 अक्टूबर को बीना चौकी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चेकिंग और निगरानी के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रात करीब 9:12 बजे चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर झाड़ियों में दो बोरों में छिपाकर रखी गईं नौ बैटरियां बरामद की गईं। मौके पर बुलाए गए वादी ने बैटरियों की पहचान अपनी चोरी गई संपत्ति के रूप में की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुखनन्दन कुमार (24), निवासी डिउडर बिनवा, थाना नगरउंटारी, जिला गढ़वा, झारखंड, हाल पता डफाली टोला बीना; रोशन (31), निवासी डफाली टोला बीना; चेतन सिंह (34), निवासी कोटा बस्ती; और हंस लाल साकेत (35), निवासी सुहिरा, थाना माड़ा, जिला सिंगरौली, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 12/13 अक्टूबर की रात कृष्णशिला के सब स्टेशन-सी से बैटरियां चोरी की थीं और उन्हें बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। इसके अलावा, आरोपियों ने 5 सितंबर 2026 की रात कृष्णशिला खदान की पहाड़ी से वायरलेस का बक्सा और उसमें रखा सामान चोरी करने की घटना में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
इस मामले में थाना शक्तिनगर में मुकदमा अपराध संख्या 182/2026, धारा 305(e) एवं 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं दूसरे मामले में मुकदमा अपराध संख्या 169/2026, धारा 303(2) बीएनएस दर्ज है।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी, उपनिरीक्षक रामबचन सिंह यादव, कांस्टेबल सत्यम सरोज, विजय प्रताप, अमृतलाल, आशीष मिश्रा और कमल शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।
![]()











