‘साजन’ का म्यूजिक रिलीज होने के बाद क्यों दुखी थे समीर
निर्देशक लॉरेंस डिसूजा की फिल्म ‘साजन’ बनकर तैयार थी. फिल्म की रिलीज डेट आ गई थी. सलमान खान, माधुरी दीक्षित और संजय दत्त की फ्रेश जोड़ी पहली बार पर्दे पर आ रही थी. इस फिल्म का संगीत दिया था म्यूजिक डायरेक्टर जोड़ी नदीम-श्रवण ने और गाने लिखे थे समीर अंजान ने. नदीम-श्रवण और समीर की जोड़ी ब्लॉकबस्टर थी तो लोगों को इस जोड़ी का बेसब्री से इंतजार भी था. लेकिन फिल्म की रिलीज से ठीक पहले समीर ने नदीम-श्रवण को बताया कि वो फिल्म के म्यूजिक से बिलकुल खुश नहीं हैं.
फिल्म ‘साजन’ 1991 की ब्लॉकबस्टर हिट रही थी.
‘अरे यार पंडित जी, क्या हो गया…’
निर्देशक अशोक पंडित तो दिए एक वीडियो इंटरव्यू में गीतकार समीर अपनी इस फिल्म का किस्सा खुद बताते हैं. समीर बताते हैं, ‘फिल्म रिलीज के लिए तैयार थी. मैं नदीम-श्रवण के साथ बैठकर नाश्ता कर रहे थे, तो मैंने बोला ‘यार भाईजान, मेरा बचपन का बक्शी साहब का गाना मुझे याद है, ‘साजन-साजन पुकारू गलियों में कभी फूलों में ढूंढो तो…’ मेरे दिल में ये बात थी कि कभी मैं गीतकार बना और ‘साजन’ नाम की फिल्म बनी तो टाइटल गाना जरूर लिखूंगा. अब देखो ये पिक्चर बनी, पर इसमें कोई टाइटल गाना ही नहीं है.’
तो ये सुनते ही नदीम ने कहा, ‘अरे यार क्यों पंडित जी बताओ, अब क्या करें.’ तो इसपर समीर ने कहा कि उनके पास कुछ बोल हैं, ‘देखा है पहली पहली बार, साजन की आंखों में प्यार…’ ये सुनते ही वो बोले कि यार लाइनों में तो दम है…
फिल्म ‘साजन’ का पोस्टर.
बस किसी तरह माधुरी-सलमान को ले आओ…
समीर आगे बताते हैं, ‘नदीम ने तुरंत श्रीवण से कहा, ‘सुन तू एक ही बीट बजा… टंग टना टंग टंग टना टंग टंग. बस वो बोलते रहे और बस 5 मिनट में पूरा गाना कंपोज कर लिया और बोले, लगाओ सुधाकर को फोन.’ सुधाकर बोकाड़े इस फिल्म के प्रोड्यूसर थे. नदीम ने सुधाकर को फोनकर कहा, ‘सुधाकर जी आपकी पिक्चर में गाना रिकॉर्ड कर रहे हैं.’ ये सुनते ही वो बोले, ‘अरे पागल हो गया है नदीम. मेरी पिक्चर रिलीज हो रही है भाई और सलमान-माधुरी की डेट 6 महीने तक मिलने का कोई चांस नहीं है. कैसे करेंगे यार?’
नदीम-श्रवण को अपने म्यूजिक और गाने पर पूरा भरोसा था. नदीम ने फोन पर ही कहा, ‘नहीं सर गाना तो रिकॉर्ड होगा और ये गाना मैं कल रिकॉर्ड कर रहा हूं. आपको बस सलमान माधुरी को कल रिकॉर्डिंग में लेकर आना है. मैं गारंटी देता हूं कि अगर गाना सुनने के बाद उन्होंने डेट नहीं दी, तो मैं गाना खुद रख लूंगा. मैं किसी दूसरी पिक्चर में इस्तेमाल कर लूंगा.’ ये उनका अपने गाने को लेकर कन्विक्शन था.
नदीम-श्रवण की जोड़ी और गीतकार समीर ने इस फिल्म के म्यूजिक से इतिहास रच दिया था.
गाना सुनते ही सलमान ने कहा, ‘तुरंत शूट करो’
नदीम-श्रवण को अपने संगीत और समीर के लिखे इस गाने पर इतना भरोसा था कि उन्होंने प्रोड्यूसर के सामने यहां तक कहा कि ‘आप रिकॉर्डिंग में कोई पैसा मत दीजिए, मैं खुद रिकॉर्ड कर रहा हूं. अगर वो लोग (माधुरी-सलमान) पसंद कर आपको डेट देते हैं शूटिंग के लिए, तो ही आप गाना लेना. अगले दिन रिकॉर्डिंग हुई और सलमान-माधुरी गाना सुनने आए. समीर बताते हैं, ‘सलमान तो पागल हो गया गाना सुनते ही और बोला, ‘पागल हो गया सुधाकर, कल का कल बुक करो और वो उटी गए और महज एक दिन में ही उटी में ये गाना रिकॉर्ड किया गया. यही था इस फिल्म का टाइटल ट्रैक ‘देखा है पहली बार, साजन की आंखों में प्यार…’ जिसे सुनकर और देखकर आज भी लोग दीवाने हो जाते हैं.
आपको बता दें कि ‘साजन’ 1991 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म थी. फिल्म का म्यूजिक एल्बम भी उसी साल का सबसे ज्यादा बिकने वाला संगीत एल्बम साबित हुआ.
![]()










