सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी ने आज कम्पोजिट विद्यालय करवनियां का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में चल रहे पठन-पाठन कार्य का जायजा लिया और छात्रों से सीधी वार्ता कर उनके बौद्धिक स्तर का परीक्षण किया। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से उनकी किताबें, कॉपियां, निःशुल्क ड्रेस, जूते, मोजे और अन्य सामग्री के वितरण संबंधी जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर की जांच में पाया गया कि विद्यालय में 138 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें से 67 छात्र उपस्थित थे। इस पर जिलाधिकारी ने अध्यापकों को छात्र उपस्थिति शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का पहला दायित्व बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है और यह सुनिश्चित किया जाए कि हर बच्चा उच्च शिक्षा के लिए मजबूत नींव तैयार कर सके।

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कार्य का भी निरीक्षण किया। कार्य में शिथिलता पाए जाने पर प्रभारी अध्यापक को फटकार लगाते हुए उन्होंने इसे शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी चतरा को निर्देश दिया कि चतरा ब्लॉक के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में नवंबर माह तक रंगाई-पुताई का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
![]()











