अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को लेकर अपनी नीति में बदलाव का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि अब उनका इस दक्षिण अमेरिकी देश के साथ सहयोग को लेकर सकारात्मक रुख है। ट्रंप ने बताया कि वेनेजुएला ने अमेरिका के लिए अपनी जेलें खोल दी थीं, यही कारण था कि पहले वह वेनेजुएला के प्रति सख्त थे। उन्होंने कहा, अब मैं वेनेजुएला को पसंद कर रहा हूं। वे हमारे साथ बहुत अच्छे से काम कर रहे हैं। सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा है। कुछ दिन पहले एक महिला ने भी एक अविश्वसनीय काम किया, शायद हम उन्हें इसमें शामिल कर सकते हैं।
वेनेजुएला को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने कहा, उदाहरण के तौर पर वेनेजुएला को लें। उन्होंने अपनी जेलें अमेरिका के लिए खोल दी थीं। यही एक बड़ा कारण था कि मैं वेनेजुएला के खिलाफ इतना सख्त था। अब मैं वेनेजुएला को पसंद कर रहा हूं। वे हमारे साथ बहुत अच्छे से काम कर रहे हैं। सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा है। मैं कहना चाहूंगा कि एक बेहद शानदार महिला (मारिया कोरिना मचाडो) ने भी कुछ दिन पहले एक बहुत ही अविश्वसनीय काम किया। शायद हम उन्हें भी इसमें शामिल कर सकते हैं। तेल कंपनियां वहां बड़े पैमाने पर निवेश करने की तैयारी कर रही हैं। उनके पास सऊदी अरब से भी ज्यादा तेल है।
ये भी पढ़ें: ट्रंप के ‘फैसलों’ के खिलाफ सड़कों पर जनता, सरकार के एक साल पूरा होने पर देशभर में विरोध
दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर क्या कहा?
अपने दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर बोलते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, आज पहली वर्षगांठ है, 20 जनवरी। यह वाकई अद्भुत समय रहा है। ये (दस्तावेज दिखाते हुए) वे उपलब्धियां हैं जो हमने हासिल की हैं। अगर मैं यहां खड़ा होकर इन्हें पढ़ता रहूं तो एक हफ्ते में भी खत्म न हों। लेकिन हमने किसी भी अन्य प्रशासन से कहीं ज्यादा काम किया है। सेना के मामले में, युद्ध खत्म करने के मामले में, अधूरे युद्धों को पूरा करने के मामले में, लोगों ने ऐसा पहले कभी बहुत कम देखा है।
टैरिफ के मुद्दे पर ट्रंप ने क्या कहा?
आयात शुल्क (टैरिफ) को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, मुझे नहीं पता कि सुप्रीम कोर्ट क्या फैसला करेगा। टैरिफ शायद लाइसेंस से कम कठोर है। मुझे तो यह भी नहीं पता कि वहां कोई मामला बनता है या नहीं, लेकिन हमने सैकड़ों अरब डॉलर जुटाए हैं और अगर हम वह मामला हार जाते हैं तो संभव है कि हमें वह पैसा वापस करना पड़े। मुझे नहीं पता कि यह लोगों को नुकसान पहुंचाए बिना आसानी से कैसे हो पाएगा। लेकिन हम उस मामले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टैरिफ के कारण हमारे पास जबरदस्त राष्ट्रीय सुरक्षा है और बड़ी आय भी है।
ये भी पढ़ें: नेपाल चुनाव 2026: ओली बनाम बालेन, गगन थापा की अमरेश से टक्कर; 165 सीटों के लिए मैदान में 3500 उम्मीदवार
आठ युद्ध रोकने का दावा फिर दोहराया
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, मैंने 10 महीनों में आठ ऐसे युद्ध खत्म कर दिए, जिन्हें खत्म न किया जा सकने वाला माना जाता था। पाकिस्तान और भारत सच में एक-दूसरे पर हमलावर थे। आठ विमान गिराए गए थे। मेरी राय में वे परमाणु युद्ध की ओर बढ़ रहे थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यहां आए थे और उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने एक करोड़ लोगों की जान बचाई और शायद उससे भी कहीं ज्यादा।
ट्रंप ने कहा, हमारे देश को वेनेजुएला और ईरान पर कार्रवाई करने पर गर्व है। उनकी परमाणु क्षमता पूरी तरह खत्म कर दी गई। कासिम सुलेमानी, जो रोडसाइड बम (आईईडी) का जनक था और अल बगदादी, जो आईएसआईएस का जनक था, आईएसआईएस को फिर से खड़ा कर रहे थे। हमने उन्हें खत्म कर दिया। शानदार काम किया है।
ग्रीनलैंड पर आपात बैठक को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस हफ्ते पेरिस में यूरोपीय नेताओं के साथ एक आपात बैठक बुलाने का प्रस्ताव रखा था, ताकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड को खरीदने की योजना और टैरिफ को लेकर तनाव को सुलझाया जा सके। ट्रंप ने कहा कि वह इस बैठक में शामिल नहीं होंगे, इसका एक कारण यह भी है कि मैक्रों बहुत लंबे समय तक अपने देश का नेतृत्व नहीं करेंगे।











