सिंगरौली/एबीएन न्यूज। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की मेजबानी में जयंत परियोजना परिसर में आयोजित कोल इंडिया अंतर कंपनी फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 अपने पूरे शबाब पर पहुंच गई है। 28 जनवरी से प्रारंभ हुई इस पांच दिवसीय प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता में कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों की टीमें शानदार खेल का प्रदर्शन कर रही हैं, जिससे दर्शकों को लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए मैचों में खिलाड़ियों का जोश और प्रतिस्पर्धात्मक भावना साफ नजर आई। दिन का पहला मुकाबला भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के बीच खेला गया, जिसमें बीसीसीएल ने कड़े संघर्ष के बाद एसईसीएल को 2-1 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) पर 2-0 की निर्णायक जीत दर्ज की। वहीं तीसरे मुकाबले में मेजबान एनसीएल ने सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) को 1-0 से हराकर दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया।
मैचों के दौरान खिलाड़ियों की फुर्ती, रणनीति और टीम वर्क ने प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक बना दिया। जयंत परियोजना स्थित खेल मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे और उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कोल इंडिया अंतर कंपनी फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 में कोल इंडिया सहित एनसीएल, एमसीएल, बीसीसीएल, सीसीएल, एसईसीएल, डब्ल्यूसीएल, ईसीएल, सीएमपीडीआईएल और एससीसीएल की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 1 फरवरी 2026 को खेला जाएगा, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
![]()












