Last Updated:
Low Budget Bollywood Movies: बॉलीवुड में अक्सर चकाचौंध और बड़े बजट वाली फिल्मों का शोर रहता है, लेकिन असली जादू तब होता है जब कोई छोटी सी फिल्म अपनी कहानी के दम पर सबका दिल जीत लेती है. पिछले कुछ सालों में ऐसी कई कम बजट वाली फिल्में आई हैं, जिन्होंने साबित कर दिया कि पर्दे पर आग लगाने के लिए करोड़ों रुपये नहीं, बल्कि दमदार एक्टिंग और सधी हुई स्क्रिप्ट की जरूरत होती है. अब तक ऐसी कई फिल्में सिनेमाघरों से लेकर बॉक्स ऑफिस पर गदर काट चुकी हैं.
नई दिल्ली. अक्सर माना जाता है कि बड़ी हिट के लिए बड़ा बजट जरूरी है, लेकिन बॉलीवुड की इन फिल्मों ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया. अपनी जबरदस्त कहानी और दमदार एक्टिंग के दम पर इन छोटी फिल्मों ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर मोटा मुनाफा कमाया, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई. ‘द कश्मीर फाइल्स’ से लेकर ‘स्त्री’ और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ जैसी फिल्में इसका जीता-जागता सबूत हैं. आइए देखते हैं उन बेहतरीन फिल्मों की पूरी लिस्ट, जो बजट में तो मामूली थीं लेकिन असर में किसी भी ब्लॉकबस्टर से कम नहीं.

द कश्मीर फाइल्स: विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी ‘द कश्मीर फाइल्स’ साल 2022 की सबसे चर्चित और चौंकाने वाली फिल्म साबित हुई. 11 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के झंडे गाड़ दिए. फिल्म की कहानी 90 के दशक में घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन के दर्दनाक मंजर को दिखाती है. अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती और पल्लवी जोशी जैसे मंझे हुए कलाकारों से सजी यह फिल्म महज 15 करोड़ के छोटे से बजट में बनी थी, लेकिन इसने 341 करोड़ का बिजनेस किया. (फोटो साभार: IMDb)

तनु वेड्स मनु: आर. माधवन और कंगना रनौत की जोड़ी वाली ‘तनु वेड्स मनु’ आज भी लोगों की पसंदीदा फिल्मों में से एक है. आनंद एल. राय के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2011 में रिलीज होते ही छा गई थी. कहानी एक बेबाक और बिंदास छोटे शहर की लड़की की है, जिसकी शादी एक सीधे-साधे एनआरआई डॉक्टर से तय होती है. 17 करोड़ के बजट में बनी इस रोमांटिक कॉमेडी ने बॉक्स ऑफिस पर 88.72 करोड़ की शानदार कमाई की थी. (फोटो साभार: IMDb)
Add News18 as
Preferred Source on Google

स्त्री: राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की ‘स्त्री’ ने यह साबित कर दिया कि अगर कहानी में दम हो, तो छोटे बजट की फिल्में भी इतिहास रच सकती हैं. यह हॉरर-कॉमेडी दर्शकों को डराने के साथ-साथ खूब हंसाती भी है. अमर कौशिक के डायरेक्शन और पंकज त्रिपाठी की जबरदस्त कॉमेडी से सजी यह फिल्म सिर्फ 20 करोड़ में बनी थी, लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर 180.76 करोड़ का छप्परफाड़ कलेक्शन किया. (फोटो साभार: IMDb)

विक्की डोनर: डायरेक्टर शूजित सरकार की ‘विक्की डोनर’ ने बॉलीवुड को आयुष्मान खुराना और यामी गौतम जैसे शानदार कलाकार दिए. साल 2012 में आई इस फिल्म ने स्पर्म डोनेशन और इनफर्टिलिटी जैसे टैबू माने जाने वाले विषय को बहुत ही हल्के-फुल्के और मजेदार अंदाज में पेश किया. 15 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया और 66.32 करोड़ का बिजनेस कर सुपरहिट साबित हुई. (फोटो साभार: IMDb)

सीक्रेट सुपरस्टार: आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ एक ऐसी लड़की की इमोशनल कहानी है, जो सिंगर बनना चाहती है. समाज और परिवार की पाबंदियों की वजह से वह बुर्का पहनकर अपनी पहचान छुपाते हुए यूट्यूब पर अपनी प्रतिभा दिखाती है. घरेलू हिंसा और महिला सशक्तिकरण जैसे गंभीर मुद्दों को समेटे हुए यह फिल्म सिर्फ 15 करोड़ में तैयार हुई थी, लेकिन इसने दुनियाभर में 965 करोड़ रुपये बटोर कर 2017 की सबसे बड़ी भारतीय ब्लॉकबस्टर होने का गौरव हासिल किया. (फोटो साभार: IMDb)

बरेली की बर्फी: अश्विनी अय्यर तिवारी के निर्देशन में बनी ‘बरेली की बर्फी’ एक बेहद प्यारी रोमांटिक कॉमेडी है. फिल्म की जान आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव और कृति सेनन हैं. कहानी बरेली की एक बिंदास और आजाद ख्याल लड़की की है, जिसे एक लेखक के प्रगतिशील विचारों से प्यार हो जाता है. उस लेखक को खोजने के लिए वह एक प्रिंटिंग प्रेस के मालिक की मदद लेती है और यहीं से शुरू होता है हंसी और प्यार का एक दिलचस्प सफर. महज 20 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 58.75 करोड़ की शानदार कमाई की. (फोटो साभार: IMDb)

पान सिंह तोमर: ‘पान सिंह तोमर’ एक ऐसे नेशनल लेवल एथलीट की रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी है, जिसे हालात ने बागी और डाकू बनने पर मजबूर कर दिया. इरफान खान ने इस फिल्म में अपनी एक्टिंग का वो लोहा मनवाया कि उन्हें नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया. एक हीरो से विलेन बनने के इस सफर को उन्होंने पर्दे पर जीवंत कर दिया. नवाजुद्दीन सिद्दीकी और माही गिल जैसे सितारों से सजी यह फिल्म सिर्फ 7 करोड़ के मामूली बजट में बनी थी, लेकिन अपनी शानदार कहानी के दम पर इसने 20.18 करोड़ का कलेक्शन किया. (फोटो साभार: IMDb)

शुभ मंगल सावधान: आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर की जोड़ी ‘शुभ मंगल सावधान’ में एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रही. इस फिल्म ने इरेक्टाइल डिसफंक्शन जैसे संवेदनशील मुद्दे को बहुत ही मजाकिया और सलीके वाले अंदाज में पर्दे पर उतारा. फिल्म की कॉमेडी और दोनों किरदारों के बीच की केमिस्ट्री ने इसे खास बना दिया. 25 करोड़ के बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 64 करोड़ रुपये बटोर कर एक बड़ी कामयाबी अपने नाम की. (फोटो साभार: IMDb)
![]()











