Last Updated:
Mohammed Rafi Superhit Song : कुछ फिल्मों के गाने हमेशा के लिए दर्शकों के दिल में बस जाते हैं. 51 साल पहले एक ऐसी फिल्म आई थी जिसके एक गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान लीजेंड सिंगर मोहम्मद रही ही थिरकने लगे थे. फिल्म का हीरो भी स्टूडियो में मौजूद था. इस गाने का जब फिल्मांकन हुआ तो हीरो ने ऐसा डांस किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए. हीरो ने जो कुछ भी किया, वो सिग्नेचर स्टेप बन गए. इस फिल्म में बाप-बेटे की जोड़ी भी नजर आई थी. यह फिल्म कौन सी थी, आइये जानते हैं………
साल था 1974. इस साल धर्मेंद्र की एक ऐसी फिल्म आई जिसे वो फ्लॉप समझ रहे थे लेकिन मूवी मैसिव हिट रही. इस फिल्म का नाम ‘दोस्त’ था. फिल्म की कामयाबी से खुश होकर धर्मेंद्र ने ‘दोस्त’ फिल्म के डायरेक्टर दुलाल गुहा के साथ एक फिल्म प्लान की. 50 हजार रुपये साइनिंग अमाउंट दिया. कहानी उनके भाई अजीत सिंह ने ही लिखी थी. नाबेंदु घोष ने स्क्रीनप्ले लिखा था. डायलॉग सफीक अंसारी ने लिखे थे. फिल्म का नाम ‘प्रतिज्ञा’ रखा गया. मूवी 27 जून 1975 को रिलीज हुई. इस फिल्म को विक्रम सिंह देवल और कंवरजीत सिंह ने प्रोड्यूस किया था. फिल्म में धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, अजीत, सत्येन कप्पू, अभि भट्टाचार्य, जोनी वॉकर, जगदीप, कैस्टो मुखर्जी, राममोहन, नाजिर हुसैन, लीला मिश्रा और इम्तियाज खान जैसे सितारे नजर आए थे.

फिल्म में धर्मेंद्र के भाई ने एक छोटा सा रोल भी निभाया था. इसी फिल्म ने धर्मेंद्र की इमेज ‘धरम-गरम’ की बनाई. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में धर्मेंद्र के कैरेक्टर का नाम ‘अजीत’ था. रियल लाइफ में धर्मेंद्र के छोटे भाई का नाम अजीत देओल था. यह धर्मेंद्र-हेमा मालिनी की बेस्ट फिल्म में शुमार है. धर्मेंद्र प्रतिज्ञा फिल्म को ही अपनी बेस्ट फिल्म बताते थे, शोले को नहीं. दोनों की जोड़ी बॉलीवुड में मशहूर हो गई. दोनों के बीच नजदीकियां भी बढ़ीं.

प्रतिज्ञा फिल्म का म्यूजिक लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने कंपोज किया था. गीतकार आनंद बक्शी थे. गानों में सुरीले आवाज लता मंगेशकर और मोहम्मद रफी की थी. फिल्म में कुल चार गाने थे. फिल्म के एक गाने’मैं जट यमला पगला दीवाना’ ने इतिहास रच दिया. इस गाने में एक मस्ती-चुलबुलापन था. इस गाना को धर्मेंद्र के पूरे करियर का सबसे यादगार गाना माना जाता है. इस गाने को मोहम्मद रफी ने गाया था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस गाने से जुड़ा किस्स बेहद दिलचस्प है. मोहम्मद रफी को ‘मैं जट यमला पगला दीवाना’ बहुत पसंद आया था. वो इसकी रिकॉर्डिंग के दौरान खुद ही थिरकने लगे थे. गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान अपने ही मस्त अंदाज में नाचते रहे. मजेदार बात यह है कि उस समय धर्मेन्द्र भी स्टूडियो में मौजूद थे. धर्मेन्द्र यह सब देखकर हैरान थे. मोहम्मद रफी ने गाने की रिकॉर्डिंग पूरी की और धर्मेंद्र से कहा कि मैं तो बहुत ही आराम से मस्ती भरे अंदाज में गाना रिकॉर्ड किया है. अब आपकी बारी है. देखते हैं कि आप कैसा डांस करते हैं.

धर्मेंद्र ने भी जोश-जोश में जवाब दिया कि वो इस गाने पर ऐसा डांस करेंगे इस सॉन्ग को सदियों तक याद रखा जाएगा. मजेदार बात यह है कि जब डांस की बारी आई तो धर्मेंद्र के उठे ही नहीं. वैसे भी वो बहुत खराब डांसर थे. एक्शन-इमोशन सीन तो कर लेते थे लेकिन डांस के नाम पर डर जाते थे. खैर धर्मेंद्र ने हिम्मत जुटाई और अपने टिपिकल अंदाज में नाचना शुरू कर दिया. धर्मेन्द्र ने अपने ही अंदाज में ऐसा मस्त डांस किया कि आज तक यह गाना-डांस मशहूर है. इस तरह धर्मेंद्र ने अपना वादा निभाया.

प्रतिज्ञा मूवी कई मायने में खास है. इस फिल्म में विलेन का किरदार निभाने वाले अजीत और इम्तियाज खान बाप-बेटे के रोल में नजर आए थे. रियल लाइफ में दोनों के बीच यही रिश्ता था. दोनों एक्टर धर्मेंद्र की 1973 की सुपरहिट फिल्म ‘यादों की बारात’ में भी बाप-बेटे के रोल में थे. इम्तियाज खान के पिता जसवंत थे. भाई अमजद खान थे जिन्हें गब्बर सिंह के नाम से जाना जाता है. शोले में उन्होंने कालजयी किरदार निभाया. प्रतिज्ञा फिल्म में रामायण तिवारी ने शंभू प्रसाद का रोल किया था. भूषण तिवारी एक डाकू के किरदार में थे. रियल लाइफ में यह बाप-बेटे की जोड़ी थी.

प्रतिज्ञा फिल्म धर्मेन्द्र की सबसे सफल फिल्मों में एक है. इस फिल्म में धर्मेन्द्र चार अलग-अलग लुक में नजर आए थे. ट्रक ड्राइवर के लिए धर्मेंद्र वो बड़ी दाढ़ी-मूछों और लंबे बालों वाले लुक में थे तो इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह के रोल में बड़ी मूछे रखे थे. थानेदार इंद्रसिंह के रोल में धर्मेंद्र बिलकुल क्लीन शेव लुक में थे. एक बार पंजाबी लुक में दिखे थे.

<br />फिल्म के बजट की बात करें तो यह मूवी 80 लाख रुपये के बजट में बनी थे. मूवी ने कुल 3.5 करोड़ कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी. प्रतिज्ञा फिल्म 1975 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में पांचवे नंबर पर रही थी. इस साल सबसे ज्यादा कमाई शोले फिल्म ने की थी. दूसरे नंबर पर जय संतोषी मां रही थी. दीवार- सन्यासी के बाद प्रतिज्ञा का नंबर था.
![]()










