Last Updated:
मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप एक बार फिर अपनी पसंदीदा शैली डार्क क्राइम थ्रिलर के साथ वापसी कर रहे हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म ‘केनेडी’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जो मुंबई अंडरवर्ल्ड की एक बेहद हिंसक और गहरी दुनिया की झलक दिखाता है. इस फिल्म में राहुल भट्ट एक ऐसे पूर्व पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं, जो अब कॉन्ट्रैक्ट किलर बन चुका है. राहुल का कहना है कि इस खामोश और गुस्सैल किरदार ने उन्हें अंदर तक बदल दिया है. जबरदस्त एक्शन और इमोशनल जद्दोजहद से भरी यह फिल्म ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है.
राहुल भट्ट की केनेडी फिल्म 20 फरवरी को जी5 पर रिलीज होगी.
नई दिल्ली. मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म केनेडी को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है, जिसमें जबरदस्त हिंसा, दर्द और खुद को साबित करने की छटपटाहट की साफ झलक दिखी. फिल्म के लीड एक्टर राहुल भट्ट ने अपने किरदार को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की हैं. ट्रेलर को देखकर ही अंदाजा हो जाता है कि इसकी कहानी काफी गहरी और डार्क है, जो आपको एक ऐसी दुनिया में ले जाती है जहां सिर्फ खामोशी, गुस्सा और अपनी जान बचाने की जंग दिखाई देती है.
मुंबई की अंडरवर्ल्ड पर आधारित है केनेडी की कहानी
फिल्म की कहानी मुंबई की अंडरवर्ल्ड पर आधारित है. केनेडी उदय शेट्टी (राहुल भट्ट) एक पूर्व पुलिस अधिकारी है, जो अब कॉन्ट्रैक्ट किलर बन चुका है. वह कैब ड्राइवर के रूप में दोहरी जिंदगी जीता है और भ्रष्ट पुलिस कमिश्नर रशीद खान के लिए हत्याएं करता है. अपने बेटे को खोने और टूटे परिवार के दर्द से जूझते हुए केनेडी एक ऐसे शहर में पहुंच जाता है, जो उसके अतीत को सामने ले आता है. उसे बम धमाकों, वसूली रैकेट और ताकतवर लोगों की साजिश में फंसाया जाता है. फिर शुरू होती है सच्चाई, बदला और आजादी की हिंसक दौड़.
फिल्म को लेकर क्या बोले अनुराग कश्यप?
फिल्म में एक्शन और दमदार विजुअल्स हैं. अनुराग कश्यप ने बताया, ‘केनेडी मेरी सबसे खास फिल्मों में से एक है. इसका सफर लंबा रहा, लेकिन फेस्टिवल में मिले रिएक्शन ने हमें सही फैसला करने का यकीन दिलाया. ट्रेलर आपको केनेडी की दुनिया से रूबरू कराता है, वह एक ऐसा शख्स है, जो बाहर से हिंसक है, लेकिन अंदर से बहुत जख्मी. मुझे खुशी है कि जी5 इसे बिना किसी कांट-छांट के दर्शकों तक ला रहा है.’
इस दिन रिलीज होगी केनेडी फिल्म
सनी लियोन ने भी अपने किरदार चार्ली पर बात की. उन्होंने कहा, ‘केनेडी ने मुझे एक्टर के तौर पर बहुत अलग इमोशनल जगह पर ले जाकर चुनौती दी. चार्ली रहस्यमयी, नाजुक और मजबूत है. अनुराग के साथ काम करके मैंने खामोशी पर भरोसा करना सीखा. यह अनुभव चुनौतीपूर्ण और संतोषजनक दोनों था. मैं दर्शकों के इस अंधेरी, लेकिन खूबसूरत दुनिया को देखने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं.’ फिल्म में मोहित टकलकर, मेघा बर्मन, आमिर दलवी, अभिलाष और करिश्मा मोदी भी अहम भूमिकाओं में हैं. ‘केनेडी’ 20 फरवरी को जी5 पर प्रीमियर के लिए तैयार है.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
![]()











