Last Updated:
वेलेंटाइन वीक अगर आप प्यार और हंसी का तड़का लगाना चाहते हैं, तो हॉलीवुड की ये तीन फिल्में आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए. ‘टिकट टू पैराडाइज’ में जॉर्ज क्लूनी और जूलिया रॉबर्ट्स की खट्टी-मीठी तकरार आपको पुराने प्यार की याद दिलाएगी, तो वहीं ‘एनीवन बट यू’ में सिडनी स्वीनी और ग्लेन पॉवेल की केमिस्ट्री युवाओं के लिए परफेक्ट है. अगर आप रिश्तों की बारीकियों को समझना चाहते हैं, तो ‘क्रेजी स्टूपिड लव’ में स्टीव कैरेल और रयान गॉसलिंग का अंदाज दिल जीत लेगा. रोमांस और कॉमेडी से भरपूर ये फिल्में पार्टनर के साथ वेलेंटाइन सेलिब्रेट करने का बेहतरीन जरिया हैं.
नई दिल्ली: अगर आप वेलेंटाइन वीक को रोमांस के साथ खास बनाना चाहते हैं, तो आपको पार्टनर के साथ प्राइम वीडियो पर मौजूद 3 फिल्में जरूर देखनी चाहिए, जो आपको हंसाते हुए जिंदगी और रिश्तों के गहरे पाठ पढ़ा जाएंगी. ‘टिकट टू पैराडाइज’ में दिखाया गया है कि जॉर्ज क्लूनी और जूलिया रॉबर्ट्स एक तलाकशुदा जोड़े के रूप में अपनी बेटी की जल्दबाजी में हो रही शादी रोकने बाली जाते हैं. ‘एनीवन बट यू’ सिडनी स्वीनी और ग्लेन पॉवेल की ‘स्लीपर हिट’ है, जहां पुरानी गलतफहमी वाले दो लोग एक फैमली शादी में साथ आने को मजबूर होते हैं. आखिर में ‘क्रेजी, स्टूपिड, लव’ कैल (स्टीव कैरेल) की कहानी है, जो तलाक के बाद जैकब (रयान गॉसलिंग) से महिलाओं को रिझाने के गुर सीखता है. ये तीनों फिल्में रिश्तों की जटिलताओं और प्यार को मजाकिया अंदाज में पेश करती हैं.

पहली फिल्म ‘टिकट टू पैराडाइज’ एक एंटरटेनिंग रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें हॉलीवुड के दिग्गज कलाकार जॉर्ज क्लूनी और जूलिया रॉबर्ट्स ने एक ऐसे तलाकशुदा कपल का रोल निभाया है जो एक-दूसरे को बिल्कुल पसंद नहीं करते. ओल पार्कर द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी डेविड और जॉर्जिया कॉटन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी शादी के बीस साल बाद भी एक-दूसरे से नफरत करते हैं. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की.

फिल्म ‘टिकट टू पैराडाइज’ की कहानी तब शुरू होती है, जब डेविड और जॉर्जिया की बेटी लिली अपनी कॉलेज ग्रेजुएशन के बाद दोस्त रेन के साथ बाली छुट्टियां मनाने जाती है. वहां समुद्र में स्नॉर्कलिंग के दौरान गेडे नाम का एक लोकल किसान उसकी जान बचाता है, जिसके बाद दोनों में प्यार हो जाता है. महज एक महीने बाद लिली अपने माता-पिता को ईमेल के जरिए सूचित करती है कि वह अपने कानूनी करियर को छोड़कर गेडे से शादी करने और हमेशा के लिए बाली में बसने का फैसला कर चुकी है. यह खबर डेविड और जॉर्जिया के लिए किसी झटके से कम नहीं होती, क्योंकि वे इसे लिली की जल्दबाजी और अपनी पुरानी गलतियों का दोहराव मानते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

फिल्म ‘टिकट टू पैराडाइज’ में अपनी बेटी को इस ‘गलती’ से बचाने के लिए डेविड और जॉर्जिया एक समझौता करते हैं और बाली के लिए रवाना हो जाते हैं. उनका मकसद लिली की शादी को किसी भी तरह रोकना है, ताकि वह अपनी जिंदगी बर्बाद न करे. दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब उनकी फ्लाइट का पायलट पॉल निकलता है, जो असल में जॉर्जिया का बॉयफ्रेंड है और वह भी इस सफर का हिस्सा बनने का प्लान बनाता है. बाली की खूबसूरत वादियों में सेट यह फिल्म न केवल एक तलाकशुदा कपल के बीच की तकरार और कॉमेडी को दिखाती है, बल्कि माता-पिता की चिंता और प्यार के बदलते स्वरूप को भी खूबसूरती से पेश करती है.

‘एनीवन बट यू’ एक अमेरिकी रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है, जो विलियम शेक्सपियर के मशहूर नाटक ‘मच अडू अबाउट नथिंग’ से प्रेरित है. इस फिल्म में सिडनी स्वीनी और ग्लेन पॉवेल ने अहम रोल निभाए हैं. कहानी बी और बेन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी पहली मुलाकात एक कॉफी शॉप में होती है और उनके बीच तुरंत गहरा जुड़ाव बन जाता है. हालांकि, एक गलतफहमी और कड़वी बातचीत के कारण उनका यह शुरुआती रिश्ता बुरी तरह टूट जाता है. दिसंबर 2023 में रिलीज हुई इस फिल्म को मिला-जुला रिएक्शन मिला था, लेकिन दर्शकों ने इसे इतना पसंद किया कि यह 220 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ एक ‘स्लीपर हिट’ साबित हुई और रोमांटिक कॉमेडी जॉनर की सिनेमाघरों में कमबैक का सिंबल बन गई.

फिल्म की कहानी में दिलचस्प मोड़ छह महीने बाद आता है, जब बी और बेन की मुलाकात दोबारा होती है. यह संयोग तब बनता है जब बी की बहन और बेन के दोस्त की बहन एक-दूसरे को डेट करने लगते हैं और बाद में सिडनी में अपनी शादी की योजना बनाते हैं. पुराने मनमुटाव और एक-दूसरे के प्रति ठंडे बर्ताव के बावजूद दोनों को शादी की सेरेमनी के लिए एक-साथ रहने पर मजबूर होना पड़ता है.

‘क्रेजी स्टूपिड लव’ साल 2011 की एक पॉपुलर रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन ग्लेन फिकारा और जॉन रेक्वा ने किया है. फिल्म की कहानी कैल वीवर (स्टीव कैरेल) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी तब बिखर जाती है, जब उसकी पत्नी एमिली (जूलियन मूर) उसे तलाक देने और अपने कलीग के साथ अफेयर की बात स्वीकार करती है. सदमे में डूबा कैल बार में अपनी दुखभरी कहानी सुनाते हुए जैकब पामर (रयान गॉसलिंग) से मिलता है, जो एक युवा और स्टाइलिश ‘प्लेबॉय’ है. जैकब कैल की हालत पर दया खाकर उसे महिलाओं को आकर्षित करने, अपना आत्मविश्वास बढ़ाने और मॉडर्न रोमांटिक कला सिखाने का जिम्मा उठाता है. यह फिल्म न केवल रिश्तों की जटिलताओं को मजाकिया अंदाज में पेश करती है, बल्कि प्यार के लिए एक नया नजरिया भी देती है.

फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों दोनों ने खूब सराहा. एमा स्टोन, मारिसा टोमेई और केविन बेकन जैसे दिग्गज कलाकारों से सजी इस फिल्म ने अपने 50 मिलियन डॉलर के बजट के मुकाबले 145 मिलियन डॉलर से ज्यादा का ग्लोबल कारोबार किया. फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स में ‘बेस्ट कॉमेडी’ और रयान गॉसलिंग को गोल्डन ग्लोब में ‘बेस्ट एक्टर’ के लिए नॉमिनेट किया गया. यह फिल्म आज भी अपने बेहतरीन अभिनय, मजाकिया डायलॉग और कहानी में आए दिलचस्प ट्विस्ट के कारण रोमांटिक कॉमेडी जॉनर की पसंदीदा फिल्मों में शुमार की जाती है.
![]()










