लखनऊ/एबीएन न्यूज। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और लखनऊ जंक्शन स्टेशन के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, लखनऊ द्वारा लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर एक विशेष महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। नवरात्रि उत्सव के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के समर्पण और उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि एवं अध्यक्षा पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल महिला कल्याण संगठन श्रीमती श्रुति गुप्ता ने लखनऊ परिक्षेत्र में कार्यरत विभिन्न विभागों की 95 महिला कर्मियों को स्मृति चिन्ह और उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें विद्युत, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार, रेलवे सुरक्षा बल, परिचालन, वाणिज्य और चिकित्सा विभाग सहित कई शाखाओं की महिला कर्मचारी शामिल रहीं।

कार्यक्रम के दौरान सभी सम्मानित महिला कर्मचारियों को लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर लगी विशेष हेरिटेज प्रदर्शनी का भ्रमण भी कराया गया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें लखनऊ जंक्शन के गौरवशाली 100 वर्षों के इतिहास, उपलब्धियों और विकास यात्रा से अवगत कराया गया।
अपने संबोधन में श्रीमती श्रुति गुप्ता ने कहा कि आज महिलाएं अपनी कर्तव्यनिष्ठा और मेहनत के बल पर रेलवे के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे की महिला कर्मचारी न केवल अपने दायित्वों का कुशलता से निर्वहन कर रही हैं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज का यह सम्मान समारोह और हेरिटेज प्रदर्शनी का विशेष भ्रमण महिलाओं के उत्साहवर्धन और प्रेरणा के लिए समर्पित है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीक्षा चौधरी, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजना पाटनी, महिला कल्याण संगठन की संयुक्त सचिव श्रीमती अदिति सिंह सहित संगठन की अन्य सदस्याएं और बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं।
![]()











