लखनऊ/एबीएन न्यूज। North Eastern Railway के लखनऊ मंडल में कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगातार स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक Gaurav Agrawal के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद के निर्देशन में बस्ती और बहराइच रेलवे स्टेशनों पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
आयोजित शिविर में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने रेलवे कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान डॉ. मो. मुसक्किर (सीएमपी) और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बस्ती स्टेशन स्थित मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक कार्यालय में कार्यरत 15 निविदा स्वच्छता कर्मियों और 4 रेलवे कर्मचारियों सहित कुल 19 कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

इसके अतिरिक्त बहराइच रेलवे स्टेशन पर भी 10 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान कर्मचारियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी प्रदान किया गया, ताकि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और समय पर उपचार प्राप्त कर सकें।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का उद्देश्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में भी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
![]()












