सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सोनभद्र में आयोजित तीन दिवसीय जनजातीय उत्सव का बुधवार को भव्य समापन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार तथा जिला प्रशासन सोनभद्र के संयुक्त तत्वावधान में संत कीनाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राबर्ट्सगंज के सहयोग से आयोजित इस उत्सव ने क्षेत्र की समृद्ध लोक एवं जनजातीय परंपराओं को मंच पर जीवंत कर दिया।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजीव सिंह गौड़ (समाज कल्याण राज्यमंत्री) तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक राबर्ट्सगंज तीरथ राज सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर संत कीनाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल सिंह, सूचना अधिकारी विनय सिंह, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती तथा कार्यक्रम समन्वयक मनोज कुमार (एनसीजेडसीसी) भी मंच पर उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध आल्हा गायक फौजदार सिंह का ओजस्वी गायन रहा। जैसे ही उन्होंने वीर गाथा आल्हा-ऊदल का गायन प्रारंभ किया, पूरा पंडाल वीर रस से सराबोर हो उठा और श्रोताओं में जोश का संचार हो गया। अपने गायन के माध्यम से उन्होंने मांडवगढ़ की लड़ाई, इंदल हरण और पलक बुखारा-नैनागढ़ के युद्धों का जीवंत वर्णन प्रस्तुत कर दर्शकों को इतिहास की वीर गाथाओं से रूबरू कराया।
राजपूताना वेशभूषा में हाथ में तलवार लेकर मंच पर उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी रोमांचक बना दिया। उनके जोशीले गायन पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।

इसके बाद लोक कलाकारों ने भी अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कलाकार बूटी बाई ने राई, बलमा और चंगेली नृत्य प्रस्तुत कर लोक संस्कृति की मनमोहक झलक दिखाई। वहीं बनारसी द्वारा करमा नृत्य, महेंद्र द्वारा डोमकच्छ नृत्य तथा रजनीश और उनके दल द्वारा होली नृत्य की प्रस्तुति ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम की संपूर्ण परिकल्पना केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा द्वारा की गई थी। इस अवसर पर समाजसेवी अवधनाथ, राजेश मिश्रा, प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह (संयोजक काशी प्रांत), नार सिंह पटेल (महामंत्री किसान मोर्चा), दिनेश बिचार (राष्ट्रीय मंत्री अपना दल) तथा मोहन कुशवाहा (जिला पंचायत सदस्य) सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और दर्शक मौजूद रहे।
![]()











