भारत की तैयारी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले टीम को ज्यादा से ज्यादा मैच प्रैक्टिस देने के मूड में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, आयरलैंड और श्रीलंका जैसे बोर्ड ने भारत से मौजूदा द्विपक्षीय सीरीज में वनडे मैचों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया है। इससे भारत को अच्छी तैयारी का मौका मिलेगा जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगे। दोनों दिग्गज अब सिर्फ वनडे प्रारूप में खेलते हैं।
कार्यक्रम भी होगा व्यस्त
2026 में टीम इंडिया का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। आईपीएल के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज खेली जाएगी। फिर इंग्लैंड दौरा होगा, जहां वनडे मैचों की संख्या बढ़ने की संभावना है। आयरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ भी मुकाबले बढ़ सकते हैं। श्रीलंका बोर्ड भी भारत के साथ टेस्ट सीरीज में लिमिटेड ओवर मैच जोड़ने की कोशिश कर रहा है। साफ है कि 2027 से पहले भारत लगातार 50 ओवर क्रिकेट पर फोकस करेगा।
कप्तानी में बदलाव
एक बड़ा बदलाव यह है कि अब टीम इंडिया की वनडे कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में है। यानी 2027 विश्व कप में भारतीय टीम नए नेतृ्त्व और अनुभवी खिलाड़ियों के कॉम्बिनेशन के साथ उतर सकता है।
रोहित का मिशन 2027
टीम की कप्तानी अब गिल के पास है, लेकिन रोहित शर्मा के लिए 2027 विश्व कप बेहद खास रहेगा। हाल ही में हुए आईसीसी के एक कार्यक्रम में रोहित ने कहा था 2027 उनके करियर का बड़ा मिशन होगा। उन्होंने कहा, ‘मैं 50 ओवर का विश्व कप देखते हुए बड़ा हुआ हूं। वही सबसे बड़ा मंच था। मैं सच में वह ट्रॉफी चाहता हूं और उसके लिए अपनी पूरी ताकत लगा दूंगा। मैं वहां जाकर अपने देश के लिए विश्व कप जीतना चाहता हूं।’
![]()

















