Delhi Pollution
– फोटो : एएनआई
विस्तार
आनंद विहार के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के पार 405 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार इसे गंभीर श्रेणी में रखा गया है। वहीं, सीपीसीबी के अनुसार, अक्षरधाम मंदिर का एक्यूआई 361 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मुताबिक, आज सुबह बवाना में 392, रोहिणी 380, आईटीओ 357, द्वाराका सेक्टर-8 335, मुंडका 356 एक्यूआई दर्ज किया गया है।
#WATCH | Delhi | Air Quality Index around Anand Vihar crosses the 400 mark, recorded 405, categorised as ‘Severe’ according to the Central Pollution Control Board (CPCB). pic.twitter.com/NkF32Rqwhl
— ANI (@ANI) October 27, 2024
वहीं, शनिवार को हवा की दिशा व गति बदलने से वायु प्रदूषण के स्तर में कमी दर्ज की गई। हालांकि, लोगों ने खराब हवा में सांस ली। दिल्ली का एक्यूआई 255 दर्ज किया गया। यह शुक्रवार की तुलना में 15 सूचकांक कम है। आनंद विहार, रोहिणी, द्वारका, मुंडका और बवाना सहित 11 इलाकों में एक्यूआई 300 के पार रहा। यह बेहद खराब श्रेणी में हवा है, जबकि डीटीयू, अशोक विहार, आईटीओ समेत 20 इलाकों में हवा खराब श्रेणी में रही।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, शनिवार को हवा पश्चिम से उत्तर-पूर्व दिशा से चली। इस दौरान हवा की गति 8 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। रविवार को हवा पूर्व से उत्तर-पश्चिम से पूर्व दिशा से चलने का अनुमान है। इस दौरान हवा की गति छह से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे से चलेगी।
बता दें कि राजधानी में रविवार से अगले छह दिन तक लोगों को बेहद खराब हवा में सांस लेने को मजबूर होना पड़ेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार रह सकता है। ऐसे में लोगों को वायु प्रदूषण और परेशान करेगा।
सुबह व शाम गुलाबी ठंड का होने लगा अहसास
दिल्ली में दिन के समय लोगों को गर्मी परेशान कर रही है। वहीं, सुबह व शाम गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक के साथ 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक के साथ 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।