असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा गायक जुबीन गर्ग के निधन पर लगातार सिंगापुर के अधिकारियों से संपर्क में हैं। अब मुख्यमंत्री ने ये जानकारी दी है कि जुबीन गर्ग का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है और उनके शव को भारतीय अधिकारियों को सौंपा जा रहा है। साथ ही सीएम ने सिंगर के मौत की राज्य सरकार द्वारा जांच करवाए जाने की भी जानकारी दी।
सीएम ने एक्स पर दी जानकारी
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया, ‘हमारे प्रिय ज़ुबीन गर्ग का पोस्टमार्टम सिंगापुर में पूरा हो गया है। अब उनके पार्थिव शरीर को भारतीय दूतावास के अधिकारियों की उपस्थिति में उनके साथ आई टीम शेखर ज्योति गोस्वामी, संदीपन गर्ग और सिद्धार्थ शर्मा (प्रबंधक) को सौंपा जा रहा है।’ इसके साथ ही सीएम ने ये भी बताया कि असम सरकार जुबीन गर्ग की मौत की जांच भी कराएगी।
Update-
The post-mortem of our beloved Zubeen Garg has been completed in Singapore. His mortal remains are now being handed over to the accompanying team — Shri Shekar Jothi Goswami, Shri Sandeepan Garg, and Shri Siddharth Sharma (Manager) — in the presence of officers from the…
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) September 20, 2025
सिंगर के परिवार से मिलने पहुंचे थे सीएम
इससे पहले सिंगर की मौत की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री जुबीन गर्ग के परिवार से मिलने उनके घर भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने पीटीआई से बातचीत में बताया था कि गायक बिना लाइफ जैकेट के तैरने गए थे। सिंगर समेत कुल 18 लोग नौका यात्रा पर गए थे। इसके कुछ देर बाद जुबीन का शव समुद्र में तैरते हुए पाया गया। लाइफ गार्ड्स ने उन्हें तुरंत सीपीआर भी दिया। फिर उन्हें सिंगापुर जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
सरुसजाई स्टेडियम में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा शव
सीएम बिस्वा ने यह भी बताया था कि गायक के पार्थिव शरीर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए सरुसजाई स्टेडियम में रखा जाएगा। साथ ही बोले कि गायक के पार्थिव शरीर के आने के बाद अन्य सभी व्यवस्थाएं की जाएंगी। वहीं दिवंगत गायक के परिवार ने कहा कि जुबीन गर्ग राज्य के लोगों के हैं, इसलिए वे ही तय करेंगे कि उनका अंतिम संस्कार कैसे किया जाएगा।











