लखनऊ/एबीएन न्यूज़। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आरडीएसओ में 31 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह, जोश और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में देश की एकता, अखंडता और समरसता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार पटेल के योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
मुख्य समारोह आरडीएसओ प्रशासनिक भवन में आयोजित हुआ, जहाँ अपर महानिदेशक श्री क़ाज़ी मैराज अहमद ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें एकता, समर्पण और राष्ट्रहित के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर आरडीएसओ के सभी निदेशालयों और फील्ड इकाइयों में भी कर्मचारियों को उनके नियंत्रक अधिकारियों द्वारा एकता की प्रतिज्ञा दिलाई गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित “रन फॉर यूनिटी” में एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स और आरडीएसओ के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने उत्साह और देशभक्ति के साथ दौड़ में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” और “अखंड राष्ट्र–मजबूत भारत” के नारों से गूंज उठा। आयोजन ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रगाढ़ किया।
![]()











