सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को करारा झटका दिया है। झारखंड में चलाए गए इस विशेष ऑपरेशन में सोनभद्र पुलिस की एसओजी टीम ने 13,400 से अधिक शीशियाँ प्रतिबंधित फेंसाड्रिल कफ सिरप की बरामद की हैं, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1.10 करोड़ बताई गई है। पुलिस ने मौके से मुंबई निवासी ट्रक चालक वसीम शेख को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सोनभद्र पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झारखंड के रास्ते भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हुई और डाल्टेनगंज से रांची की ओर जा रहे एक ट्रक का पीछा शुरू किया। लातेहार के पास ट्रक जाम में फंसा मिला, जिस पर रांची पुलिस से समन्वय स्थापित कर साझा कार्रवाई की गई। मांडर थाना क्षेत्र में ट्रक को घेरकर पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान ट्रक में रखी चावल की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 13,400 शीशियाँ प्रतिबंधित कफ सिरप की बरामद हुईं। आरोपी चालक ने बताया कि यह माल उसे निवड़ी तक पहुंचाना था, जहां से एक अन्य चालक इसे बिहार के रास्ते आगे भेजने वाला था।
सोनभद्र पुलिस ने बरामद सिरप और ट्रक की कुल कीमत करीब ₹1.10 करोड़ बताई है। आरोपी और बरामद माल को झारखंड पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि अन्य तस्करों की तलाश जारी है। गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में यह सोनभद्र पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 18 अक्टूबर की रात, राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दो कंटेनरों से साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक का प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया था, जिसमें तीन तस्कर गिरफ्तार हुए थे। उन्हीं से पूछताछ में मिली जानकारी पर यह ताज़ा कार्रवाई संभव हो सकी।
![]()











