बलरामपुर/एबीएन न्यूज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह आदिशक्ति मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की शांति, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और यहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
मुख्यमंत्री अपने दो दिवसीय बलरामपुर दौरे पर सोमवार को पहुंचे थे। इस दौरान वे ब्रह्मलीन महंत योगी महेंद्रनाथ जी महाराज की 25वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शामिल हुए। मंगलवार को उन्होंने सुबह मां पाटेश्वरी की आराधना की और श्रद्धाभाव से पूजा संपन्न की।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने गायों को हरा चारा, गुड़ आदि खिलाकर सेवा भाव प्रकट किया। साथ ही उन्होंने गोशाला की स्वच्छता एवं प्रबंधन व्यवस्था का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट कर उनका हालचाल भी जाना और संवाद किया।
![]()











