लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल अपने रेलकर्मियों एवं उनके परिवारीजनों के स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस, मानसिक संतुलन, मनोरंजन और आर्थिक सहायता को ध्यान में रखते हुए निरंतर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन करता आ रहा है। इसी क्रम में मंडल द्वारा कर्मचारियों के समग्र विकास और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के बंदरियाबाग, लखनऊ स्थित ‘संस्कृति’ अधिकारी क्लब में ईशा फाउंडेशन के सहयोग से दो दिवसीय योग सत्र का आयोजन किया गया। इस योग सत्र में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल तथा पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, लखनऊ की अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग अभ्यास किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने योग सत्र की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन रेलकर्मियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और कार्य-जीवन संतुलन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही संगठन की कार्यक्षमता और उत्पादकता को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
ईशा फाउंडेशन द्वारा संचालित यह योग सत्र फाउंडेशन द्वारा डिजाइन किए गए ‘इनर इंजीनियरिंग’ कार्यक्रम पर आधारित था। इस कार्यक्रम में योग के प्राचीन विज्ञान से प्रेरित सरल एवं प्रभावी अभ्यासों के माध्यम से तनाव प्रबंधन, स्वास्थ्य संवर्धन और कार्यक्षमता में सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रतिभागियों को आंतरिक संतुलन, सकारात्मक सोच और आत्मिक ऊर्जा को सशक्त करने के उपाय बताए गए।
आयोजकों के अनुसार, इस तरह के योग कार्यक्रम आधुनिक जीवन की व्यस्तता के बीच व्यक्तिगत और पेशेवर उत्कृष्टता के लिए आंतरिक परिवर्तन का अवसर प्रदान करते हैं और जीवन में संतुलन व संतुष्टि लाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
![]()












