आदित्य धर निर्देशित ‘धुरंधर’ पिछले साल 5 दिसंबर को रिलीज हुई. यह स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, संजय दत्त जैसे सितारों से सजी थी. सारा अर्जुन ने इसमें ‘यालिना जमाली’ का किरदार निभाया, जो पाकिस्तानी पॉलिटिशियन जमीले जमाली (राकेश बेदी) की बेटी है. रणवीर का किरदार उसे प्यार में फंसाने की साजिश रचता है और अंत में दोनों की शादी होती है. फिल्म में दोनों के रोमांस तो लोगों को पसंद आया लेकिन उम्र के बीच के अंतर पर बवाल खड़ा हो गया.
‘सोशल मीडिया का शोर है…’
एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में सारा अर्जुन ने साफ कहा कि फिल्म की रिलीज से पहले वह सोशल मीडिया से लगभग पूरी तरह कटी हुई थीं, इसलिए उम्र के अंतर को लेकर हो रही बहस और ट्रोलिंग का उन पर कोई असर नहीं पड़ा. उन्होंने कहा, ‘सारा शोर सोशल मीडिया पर होता है. मैं वहां ज्यादा एक्टिव नहीं हूं. हर किसी की अपनी राय होती है और मैं ‘जियो और जीने दो’ में विश्वास रखती हूं. यह उनकी राय है, इसका मेरी सोच पर कोई असर नहीं पड़ता.’
‘कहानी के हिसाब से था जस्टिफाइड’
सारा ने आगे बताया कि उन्हें कहानी पहले से पता थी और उन्हें पूरा यकीन था कि फिल्म के संदर्भ में यह एज गैप पूरी तरह जायज है. एक्ट्रेस के मुताबिक, धुरंधर में उनका किरदार कहानी की मांग के हिसाब से लिखा गया था और उन्होंने उसी ईमानदारी से उसे निभाया.
‘नहीं पड़ी सोशल मीडिया की आदत’
एक्ट्रेस ने यह भी खुलासा किया कि उनकी सोशल मीडिया से दूरी की एक बड़ी वजह उनकी परवरिश और बोर्डिंग स्कूल की पढ़ाई रही. सारा ने कहा,’मेरे बोर्डिंग स्कूल में पढ़ाई के दौरान हमें किसी तरह के डिवाइस इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं थी. जब मैं बाहर आई, तो काम में इतनी बिजी हो गई कि सोशल मीडिया की आदत ही नहीं पड़ी. मुझे यह बात अपने बारे में अच्छी लगती है.’ उन्होंने यह भी बताया कि उनके माता-पिता उन्हें केवल अच्छी और पॉजिटिव चीजें ही दिखाते हैं.
फिल्म की कमाई
आपको बता दें कि ‘धुरंधर’2025 की सबसे बड़ी फिल्म बनकर उभरी है. सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने 45 दिनों में दुनियाभर में 1283.5 करोड़ रुपये की कमाई की है.भारत में इसका कलेक्शन 989.9 करोड़ रुपये और ओवरसीज में 293.6 करोड़ रुपये रहा.










