बीना, अमलोरी एवं निगाही परियोजनाओं का निरीक्षण, संविदाकर्मियों के वेतन, सामाजिक सुरक्षा व कार्य-परिस्थितियों की समीक्षा
बीना,/एबीएन न्यूज। संविदाकर्मियों के वेतन भुगतान, सामाजिक सुरक्षा एवं कार्य-परिस्थितियों के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी के उद्देश्य से गठित कोल इंडिया की हाई पावर कमेटी ने एनसीएल की बीना, अमलोरी एवं निगाही परियोजनाओं का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान समिति ने खदानों के निरीक्षण के साथ-साथ संविदा श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की।
हाई पावर कमेटी में श्री केशव राव, निदेशक (मानव संसाधन) एमएसीएल, श्री मनीष कुमार, निदेशक (मानव संसाधन) एनसीएल, मु. अंजार आलम, निदेशक (वित्त) ईसीएल, श्री सी.एस. तिवारी, निदेशक (तकनीकी) सीसीएल, श्री गौतम बनर्जी, कार्यकारी निदेशक (एचआर) सीआईएल, श्री जयब्रत मजूमदार, महाप्रबंधक (सीएमसी) सीआईएल सहित श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि श्री रंजन बेहरा (बीएमएस), श्री शिवकांत पांडे (एचएमएस), श्री नरेश मंडल (एटक) एवं श्री मानस चटर्जी (सीटू) उपस्थित रहे।
एनसीएल प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक (अमलोरी क्षेत्र) श्री आलोक कुमार, महाप्रबंधक (बीना क्षेत्र) श्री आर.के. सिंह, महाप्रबंधक (निगाही क्षेत्र) श्री राजेंद्र वर्मा, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री समीर बरला, उपमहाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री राजेश चौधरी सहित तीनों परियोजनाओं के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समिति ने पहले दिन बीना एवं अमलोरी परियोजना तथा दूसरे दिन निगाही परियोजना का दौरा किया। इस दौरान खदानों का निरीक्षण किया गया तथा संविदा श्रमिकों के लिए उपलब्ध कैंप, रेस्ट शेल्टर, कैंटीन, पेयजल, स्वच्छता एवं सुरक्षा सुविधाओं का जायजा लिया गया।

हाई पावर कमेटी ने संविदा कर्मियों से जुड़े वेतन भुगतान, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य वैधानिक लाभों की विस्तार से समीक्षा की। साथ ही श्रमिक शिविरों में विभिन्न वैधानिक दस्तावेजों की जांच की गई। समिति के सदस्यों ने एनसीएल की कार्यसंस्कृति तथा संविदा कर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना की।
समिति ने अधिभार हटाव में कार्यरत संविदा श्रमिकों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी कार्य-परिस्थितियों, सुरक्षा उपायों एवं कल्याण से जुड़े विषयों पर फीडबैक प्राप्त किया। इस अवसर पर बीना परियोजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों को सम्मानित भी किया गया।

दौरे के अंतिम दिन समिति के सदस्यों ने निगाही परियोजना में ड्रैगलाइन संचालन एवं सतत खनन पहल के अंतर्गत विकसित बरेजा ईको-पार्क का अवलोकन किया।
गौरतलब है कि यह संयुक्त हाई पावर कमेटी संविदा श्रमिकों के जीवन स्तर, कार्य-परिस्थितियों एवं सामाजिक सुरक्षा के समग्र मूल्यांकन के बाद अपने सुझाव प्रस्तुत करेगी, जिससे भविष्य में संविदाकर्मियों के हित में और अधिक प्रभावी नीतिगत सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।
![]()











