उत्तर प्रदेश आगामी 2027 चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में मंगलावर को सांसदों बैठक की है. समाजवादी पार्टी से चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने एबीपी लाइव से बातचीत के दौरान यूपी चुनाव तैयारी को लेकर कहा कि PDA के अधिकारों को लेकर हम इस बार चुनाव में होंगे और हमें पूरा विश्वास है कि जनता का हमें आशीर्वाद प्राप्त होगा. वहीं कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर कहा कि जिताऊ उम्मीदवारों पर फोकस होगा न कि संख्या पर.
वीरेंद्र सिंह ने कहा कि हम सभी सीटों पर आंतरिक सर्वे कर रहे हैं. गठबंधन की स्थिति में कांग्रेस के उम्मीदवार पर भी चर्चा की जाएगी. हमारा मकसद ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने का है. इसलिए गठबंधन में भी उम्मीदवार देखकर समझौता करेंगे.
कांग्रेस हमारी मजबूरी नहीं: वीरेंद्र सिंह
कांग्रेस के साथ गठबंधन पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने ABP Live से बातचीत में कहा कि सभी सांसदों का यह मत है कि हम नंबर ऑफ सीट को लेकर नहीं जाएंगे. हम विनर कैंडिडेट को देखकर समझौता करेंगे. यदि कांग्रेस के पास विनर कैंडिडेट होगा, जिसका परीक्षण दोनों दल कराएंगे. अगर वह जीत सकता है तो उसे सीट देने में कोई दिक्कत नहीं होगी. हमारी पार्टी सभी सीटों पर सर्वे करा रही है और उसी आधार पर फैसला होगा.
उन्होंने कहा कि हमारे कैंडिडेट कहां होंगे कैसी रणनीति होगी हम बहुत कुछ ओपन नहीं करेंगे. क्योंकि भारतीय जनता पार्टी डाटा चोरी कर रही है. यूपी चुनाव में कांग्रेस सपा की मजबूरी है? इस सवाल पर वीरेंद्र सिंह ने कहा कि कोई किसी की मजबूरी नहीं है. फासिस्टवादी सरकार को कैसे सत्ता से बाहर करें अगर कांग्रेस इस मत की होगी तो समाजवादी के साथ रहेगी.
25 जनवरी को मणिकर्णिका घाट जाएगी सपा सांसदों की कमेटी
प्रयागराज शंकराचार्य मामले पर सपा सांसद ने कहा कि सरकार शंकराचार्य से सर्टिफिकेट मांग रही है, पहले सरकार के मुखिया अपना सर्टिफिकेट दिखाएं. फिर हमारे शंकराचार्य जी से सर्टिफिकेट मांगे. नारा लगा था बटेंगे तो कटेंगे, वह शंकराचार्य में ही विभेद कर रहें है. भारतीय जनता पार्टी की कथनी करनी में कितना फर्क है, इसी से पता चल रहा है. समाजवादी पार्टी उनको ही शंकराचार्य मानती है. इसके अलावा मणिकर्णिका मूर्ति मामले को लेकर कहा कि मणिकर्णिका घाट मौके पर 3-4 सपा सांसदों की एक कमेटी 25 जनवरी को जाएगी और वहां की एक रिपोर्ट अखिलेश यादव को देगी. इस कमेटी में सांसद वीरेंद्र सिंह, सनातन पांडे, प्रिया सरोज सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा सहित अन्य सपा कार्यकर्ता शामिल है.










