बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के सभागार में शुक्रवार को आजाद हिंद फौज के संस्थापक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में अधिवक्ताओं ने नेताजी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महानायक थे, जिनकी वीरता, देशभक्ति और बलिदान सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेंगे। उनके नेतृत्व में आजाद हिंद फौज ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की। उन्होंने कहा कि नेताजी की जयंती पर हम सभी को उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेना चाहिए।
महामंत्री प्रदीप कुमार मौर्य एडवोकेट ने नेताजी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 23 जनवरी 1897 को ओडिशा के कटक में हुआ था। उन्होंने कोलकाता एवं कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं को संगठित कर उन्होंने आजाद हिंद फौज की स्थापना की और “चलो दिल्ली” का ऐतिहासिक नारा देकर देशवासियों में स्वतंत्रता की अलख जगाई।
गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता हरि प्रसाद यादव ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार मौर्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार यादव, महेंद्र प्रसाद यादव, शिवपूजन सिंह, राम गुल्ली यादव, सतपाल यादव, नवीन पाण्डेय, टीटू गुप्ता, शाहनवाज आलम खान, कामता प्रसाद, बी.पी. सिंह, शांति वर्मा सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभी ने नेताजी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
![]()












