सोनभद्र/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश दिवस एवं महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर जनपद सोनभद्र की पुलिस लाइन चुर्क में सुरक्षा तैयारियों को परखने एवं आमजन में राष्ट्र सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपातकालीन अथवा युद्धकालीन परिस्थिति में सुरक्षा व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता का अभ्यास करना, प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करना तथा नागरिकों को अनुशासन और सतर्कता के प्रति जागरूक करना रहा। ड्रिल के दौरान निर्धारित समय पर प्रकाश व्यवस्था पूर्णतः बंद कर दी गई और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अभ्यास किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने मॉक ड्रिल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास आपदा प्रबंधन और सुरक्षा तैयारियों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने बताया कि ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस, प्रशासन, आपदा मित्र एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के बीच समन्वय को और सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यासों से न केवल सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता बढ़ती है, बल्कि आम नागरिकों में भी राष्ट्र सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री रमेश चंद्र, पुलिस कार्मिक, आपदा मित्र, एनसीसी के छात्र-छात्राएं सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अनुशासन के साथ ड्रिल में सहभागिता करते हुए इसे सफल बनाया।
![]()












