दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। टाउन क्रिकेट क्लब दुद्धी के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 23 जनवरी 2026 को भभुआ (बिहार) और दुद्धी टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में दुद्धी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भभुआ को 3 विकेट से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर भभुआ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 18 ओवरों में भभुआ की टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से प्रशांत ने 35 रन, राजन ने 29 रन, अंकुश ने 27 रन तथा रोहित ने 27 रनों का योगदान दिया। दुद्धी की ओर से गेंदबाजी में अमित ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके अलावा शुभम ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट तथा दीपक ने 2 ओवर में 17 रन देकर 1 विकेट प्राप्त किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुद्धी की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार मिश्रण दिखाते हुए 19.2 ओवर में 7 विकेट खोकर 172 रन बनाकर मैच जीत लिया। दुद्धी की ओर से रूपेश और सुरेश ने 38-38 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। वहीं आकाश ने 26 रन तथा सोनू ने 26 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। भभुआ की ओर से गेंदबाजी में विकास ने 3 विकेट, शिवम ने 2 विकेट तथा विनोद ने 1 विकेट लिया।
इस प्रकार दुद्धी की टीम ने फाइनल मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रूपेश को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि एवं आयोजकों द्वारा किया गया। मैच में अंपायर की भूमिका सुमित यादव एवं सतीश ने निभाई, जबकि कमेंट्री अजीत पांडे द्वारा की गई।
मैच के समापन पर विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। दर्शकों ने भी रोमांचक मुकाबले का भरपूर आनंद लिया।
![]()











