Last Updated:
Bollywood Best Comedy Movies : वैसे तो कोई भी डायरेक्टर-प्रोड्यूसर फ्लॉप फिल्म का रीमेक नहीं बनाना चाहता. फिर भी बॉलीवुड में कुछ फ्लॉप फिल्मों के रीमेक बनाए गए. करीब 55 साल पहले एक ऐसी फिल्म आई थी जो बांग्ला मूवी का रीमेक थी. यह फिल्म फ्लॉप हो गई. दिलचस्प बात यह है कि इस फ्लॉप का दो बार रीमेक बनाया गया. एक रीमेक तो कल्ट हिट साबित हुई लेकिन दूसरी बार सेम स्टोरी पर जब फिल्म बनाई गई तो यह डिजास्टर साबित हुई. ओरिजनल और रीमेक फिल्म कौन सी थीं, आइये जानते हैं इन फिल्मों से जुड़े दिलचस्प किस्से……..
1968 में एक फिल्म ‘दो दूनी चार’ आई थी जिसकी कहानी गुलजार ने लिखी थी. इस फिल्म का डायरेक्शन देबू सेन ने किया था. प्रोड्यूसर बिमल रॉय थे. फिल्म में किशोर कुमार, असित सेन, सुधा रानी, तनूजा, राशिद खान जैसे सितारे नजर आए थे. म्यूजिक हेमंत कुमार ने कंपोज किया था. गाने गुलजार ने लिखे थे. यह 1963 की बंगाली फिल्म भ्रांति बिलास का रीमेक थे जो कि ईश्वर चंद्र विद्यासागर के इसी नाम के 1869 के उपन्यास पर बेस्ड थी. यह उपन्यास शेक्सपियर के नॉवेल ‘द कॉमेडी ऑफ एरर्स’ पर बेस्ड था. ‘दो दूनी चार’ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी. मजेदार बात यह है कि इस फ्लॉप फिल्म का रीमेक दो बार बनाया गया.

1968 की फ्लॉप फिल्म ‘दो दूनी चार’ फ्लॉप हो गई थी. ऐसे में गुलजार ने इस फिल्म का रीमेक ‘अंगूर’ के नाम से बनाया. अंगूर फिल्म को गुलजार ने ही लिखा था. म्यूजिक आरडी बर्मन का था. गीतकार गुलजार ही थे. फिल्म में कुल तीन गाने रखे गए थे. कोई भी प्रोड्यूसर इस फिल्म पर पैसे लगाने के लिए तैयार नहीं था. फिर गुलजार की मुलाकात बिजनेसमैन जय सिंह से हुई. जय सिंह को स्क्रिप्ट अच्छी लगी. उन्होंने फिल्म प्रोड्यूस की.

अंगूर कॉमेडी ड्रामा फिल्म थी जो कि 5 मार्च 1982 को रिलीज हुई थी. फिल्म में संजीव कुमार और देवेन वर्मा का डबल रोल था. मौसमी चटर्जी और दीप्ति नवल भी लीड रोल में थीं. इसके अलावा, अरुणा ईरानी, युनूस परवेज, सीएस दुबे, टीपी जैन, उत्पल दत्त छोटी लेकिन प्रभावी भूमिकाओं में थे. फिल्म का डायरेक्शन गुलजार ने किया था. सबसे मजेदार बात यह है कि रोहित शेड्डी ने 2022 में सर्कस फिल्म बनाई जो कि ‘दो दूनी चार’ का रीमेक थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

‘अंगूर’ फिल्म के लिए देवेन वर्मा को बेस्ट कॉमेडियन का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था. मौसमी चटर्जी की फुल फ्लेज्ड हीरोइन के तौर पर यह लास्ट मूवी थी. उन्होंने अपनी दूसरी बेटी को जन्म देने के बाद फिल्मों से दूरी बना ली और जब वापस फिल्मों में लौटी तो उन्हें मां-भाभी के रोल मिले. चूंकि मौसमी चटर्जी फिल्म की शूटिंग के दौरान प्रेग्नेंट थी, ऐसे में डायरेक्टर गुलजार को उनके क्लोज अप और लंबे शॉट्स ही दिखाने पड़े.

बॉक्स ऑफिस पर अंगूर फिल्म का क्लैश अमिताभ बच्चन की फिल्म बेमिसाल से हुआ था. दिलचस्प बात यह है कि कम बजट की फिल्म अंगूर ने बाजी मार ली थी. यह बात अलग है कि बेमिसाल के लिए अमिताभ बच्चन को बेस्ट एक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था.

अंगूर संजीव कुमार की उन सफल फिल्मों में शामिल है, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी के आखिरी दिनों में काम किया. कहा जाता है कि मौसमी चटर्जी वाला रोल पहले जया बच्चन को करना था लेकिन किसी वजह से बात नहीं बनी. इसी तरह अरुणा ईरानी वाला रोल पहले आशा सचदेव को ऑपर हुआ था लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था.

बताया जाता है कि गुलजार ने काजोल की मां तनूजा को अंगूर फिल्म में काम देने का वादा किया था. इसी फिल्म से उन्हें फिल्मों में फिर से कमबैक करना था लेकिन जब गुलजार ने स्क्रिप्ट का काम पूरा किया तो उन्होंने अपना मन बदल लिया. स्टारडस्ट मैगजीन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, संजीव कुमार ने गुलजार को मौसमी चटर्जी को फिल्म में लेने के लिए कहा था क्योंकि दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री बहुत अच्छी थी.

रोहित शेट्टी ने 2022 में एक पीरियड कॉमेडी ड्रामा फिल्म बनाई थी जिसमें रणवीर सिंह और वरुण शर्मा डबल रोल में थे. पूजा हेगड़े, जैकलीन फर्नांडीज, जॉनी लीवर और संजय मिश्रा जैसे सितारे भी नजर आए थे. सर्कस फिल्म भी अंगूर फिल्म का रीमेक ही थी. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी. 150 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने सिर्फ 61 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक डिजास्टर फिल्म साबित हुई थी. मजेदार बात यह है कि शाहरुख खान भी अंगूर फिल्म का रीमेक बनाना चाहते थे. उन्होंने रोहित शेट्टी से ही बात की थी. उस दौरान रोहित के पास ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ की स्क्रिप्ट थी, ऐसे में ‘अंगूर’ की जगह ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ फिल्म बनाई गई जो कि ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.
![]()










