दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। धर्म, संस्कृति एवं परंपराओं की नगरी दुद्धी में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्या की देवी मां सरस्वती का पूजन श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। नगर के विभिन्न वार्डों, शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटरों, अधिवक्ता आवासों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में छात्र-छात्राओं, महिलाओं, व्यापारियों एवं अधिवक्ताओं ने विधि-विधान से मां सरस्वती की आराधना की।
पूजन कार्यक्रमों के दौरान अक्षत, पुष्प, धूप, दीप एवं नैवेद्य के साथ सामूहिक यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती की स्तुति एवं प्रार्थना की, वहीं महिलाओं द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नगर के वार्ड 1 में विद्यार्थियों को शिक्षा दे रहे विकास कुमार चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में सामूहिक यज्ञ-हवन एवं पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसे पंडित महेंद्र मिश्रा ने विधिपूर्वक संपन्न कराया। इस अवसर पर सन्नी कुमार, विवेक कुमार, दिव्य कांत, पुनीत अग्रहरी, पुलकित, पृथ्वी जायसवाल, कार्तिक कुमार, अनुराग अग्रहरी, रिशु कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
वार्ड 4 में कैलाश कुमार गुप्ता एडवोकेट के आवास पर भी छात्र-छात्राओं एवं परिजनों द्वारा विधि-विधान से मां सरस्वती का पूजन किया गया। वहीं मां गायत्री स्कूल दुद्धी वार्ड 3 में मां सरस्वती की प्रतिमा का पूजन-अर्चन छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया, जिसका संयोजन विद्यालय प्रबंधक सुरेंद्र कुमार अग्रहरी ने किया। इस अवसर पर पंडित देवेंद्र कुमार मिश्रा ने पुरोहित की भूमिका निभाई।
वार्ड 2 स्थित मिश्रा कोचिंग सेंटर में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापना के उपरांत श्रद्धापूर्वक पूजा संपन्न हुई। प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल दुद्धी में भी पूजन-अर्चन के बाद विद्यालय प्रबंधक डॉ. लवकुश प्रजापति ने मां सरस्वती के जीवन एवं उनके महत्व पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त सौरभ कोचिंग सेंटर वार्ड 4 में छात्र-छात्राओं ने धूमधाम से पूजा कर विद्या, बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूजा उपरांत आटे का चूरन, बेर, अंगूर, केला, सेब आदि फलों का प्रसाद मां सरस्वती को अर्पित किया गया। इस पावन अवसर पर कई छात्र-छात्राओं ने व्रत भी रखा और सभी ने मां सरस्वती से ज्ञान, सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की।
![]()











