लखनऊ/एबीएन न्यूज। रेलवे डिज़ाइन एवं मानक संगठन (आर.डी.एस.ओ.) में 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे गरिमा और देशभक्ति भाव के साथ मनाया गया। आरडीएसओ स्टेडियम में आयोजित समारोह में श्री काज़ी मेराज अहमद, अपर महानिदेशक, आरडीएसओ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और आरपीएफ टुकड़ी की सलामी ली।
अपने संबोधन में उन्होंने संविधान निर्माताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के साथ नागरिकों पर राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करना भी समान रूप से आवश्यक है। उन्होंने भारतीय रेलवे की सुरक्षा, दक्षता और आधुनिकीकरण में आरडीएसओ के अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।
अपर महानिदेशक ने वर्ष भर की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि उच्च क्षमता वाली इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव्स के गति प्रमाणन, वंदे भारत स्लीपर और वंदे मेट्रो ट्रेनों के सफल परीक्षण, तथा स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ के विकास एवं तैनाती से रेल सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली–हावड़ा और दिल्ली–मुंबई जैसे प्रमुख मार्गों पर कवच प्रणाली को मिशन मोड में लागू किया जा रहा है।
समारोह के दौरान तीन कर्मचारियों को ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार’ प्रदान किए गए। साथ ही रेलवे महिला कल्याण संघ (RWWA), आरडीएसओ द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे कर्मचारियों के 24 बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को यादगार बना दिया।
![]()













