लखनऊ/एबीएन न्यूज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार, 26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग, लखनऊ में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रगान के उपरांत संविधान के मूल आदर्शों का स्मरण करते हुए प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान निर्माताओं के त्याग, संघर्ष और दूरदर्शिता की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की आधारशिला है, जिसे आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार संविधान की भावना के अनुरूप सुशासन, विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेश के विकास में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी नागरिकों से राष्ट्रहित में अपने दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया। इस अवसर पर सरकारी आवास परिसर में सादगी और गरिमा के साथ गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












