नई दिल्ली. इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री में अरिजीत सिंह का नाम एक ऐसी गूंज है, जो हर टूटे दिल को सुकून और हर प्रेमी को जुबां देती है. अपनी रूहानी आवाज और जमीन से जुड़े व्यक्तित्व के लिए मशहूर अरिजीत अक्सर लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं. हालांकि, ग्लैमर की इस दुनिया में कई बार उनकी यही सादगी, बेबाकी और कुछ अनचाही परिस्थितियां बड़े विवादों का कारण बन गईं. तो आइए, आज जानते हैं उनके 5 चर्चित विवाद के बारे में…
अरिजीत सिंह के करियर का सबसे बड़ा और लंबे समय तक चलने वाला विवाद बॉलीवुड के सुल्तान सलमान खान के साथ रहा. इसकी शुरुआत साल 2014 के एक अवॉर्ड फंक्शन में हुई थी. अरिजीत उस समय लगातार रिकॉर्डिंग के कारण काफी थके हुए थे और शो में चप्पल पहनकर पहुंच गए थे. जब उन्हें अवॉर्ड के लिए स्टेज पर बुलाया गया, तो होस्ट कर रहे सलमान खान ने मजाक में उनकी थकान और चप्पलों पर टिप्पणी की. इस पर अरिजीत ने पलटकर कहा- ‘आप लोगों ने सुला दिया यार.’ यह बात सलमान को नागवार गुजरी. इसके बाद ‘सुल्तान’ फिल्म से अरिजीत का गाया गाना ‘जग घूमिया’ हटाकर राहत फतेह अली खान से गवाया गया. अरिजीत ने फेसबुक पर एक लंबा माफीनामा भी लिखा, जो वायरल हो गया, लेकिन सलमान का गुस्सा शांत होने में लगभग 9 साल लग गए. 2023 में जब अरिजीत, सलमान के घर के बाहर देखे गए और उन्होंने ‘टाइगर 3’ के लिए गाना गाया, तब जाकर इस ठंडी जंग पर विराम लगा. अब अरिजीत सलमान की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में अपना आखिरी गाना गाने वाले हैं.
2. ‘पसूरी’ रीमेक पर प्रशंसकों की नाराजगी
जब फिल्म ‘सत्यप्रेम की कथा’ के लिए अरिजीत सिंह ने पाकिस्तानी सुपरहिट गाने ‘पसूरी’ का रीमेक गाया, तो वे बुरी तरह विवादों में घिर गए. दोनों देशों (भारत और पाकिस्तान) के प्रशंसकों ने उन पर ‘ओरिजिनल गाने को बर्बाद करने’ का आरोप लगाया. अरिजीत ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने यह गाना केवल एक नेक काम (चैरिटी) के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से गाया था, क्योंकि मेकर एक एनजीओ को दान देने वाले थे. इस खुलासे के बाद विवाद थमा, लेकिन गाने की आलोचना जारी रही.
औरंगाबाद में एक कॉन्सर्ट के दौरान एक महिला प्रशंसक ने अरिजीत का हाथ इतनी जोर से खींचा कि उनके हाथ में मोच आ गई. अरिजीत ने तुरंत गाना रोका और गुस्से के बजाय बहुत ही शांतिपूर्ण लेकिन सख्त लहजे में कहा, ‘आप यहां मजे करने आए हैं, मुझे चोट पहुंचाने नहीं. अगर मेरा हाथ काम नहीं करेगा, तो मैं परफॉर्म कैसे करूंगा?’ उनका यह ‘टीचर’ वाला अंदाज इंटरनेट पर काफी वायरल हुआ था. कुछ लोगों ने इसे उनकी शालीनता कहा, तो कुछ ने कहा कि वे अपने फैन्स के साथ ज्यादा सख्त हो गए हैं.
2022-23 में अरिजीत सिंह एक राजनीतिक विवाद में फंस गए थे. कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (KIFF) के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में अपना मशहूर गाना ‘रंग दे तू मोहे गेरुआ’ गाया था. इसके कुछ ही दिनों बाद, कोलकाता में होने वाला उनका एक बड़ा कॉन्सर्ट सुरक्षा कारणों का हवाला देकर रद्द कर दिया गया. उस वक्त विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि ममता सरकार ‘गेरुआ’ (केसरिया) रंग के नाम से नाराज थी, इसलिए कॉन्सर्ट रद्द किया गया. अरिजीत ने बाद में सफाई दी कि ‘रंगों पर इतना विवाद अजीब है, अगर स्वामी विवेकानंद सफेद पहनते तो क्या सफेद पर भी विवाद होता?.’










