पाकिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम इस वक्त अजीबोगरीब स्थिति में फंसी हुई है। बांग्लादेश की तरह उसके क्रिकेटरों को नहीं पता है कि टीम भारत और श्रीलंका में होने जा रहे टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने जा रही है या नहीं। आईसीसी ने भारत में खेलने से इनकार करने वाले बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। बांग्लादेश को पाकिस्तान का समर्थन था और उसने भी टूर्नामेंट का बहिष्कार और भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने जैसी कई गीदड़भभकियां दे डालीं।
हालांकि, उनकी ओर से यह बयानबाजी अब उन पर ही भारी पड़ रही है। हर बार की तरह बड़बोलेपन के बाद पाकिस्तान वही करेगा जिससे उसने पहले इनकार किया था। यानी पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान न तो टूर्नामेंट का बहिष्कार करने जा रहा है और न ही भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा। ‘ट्रॉफी चोर’ के नाम से मशहूर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी अब टीम को श्रीलंका भेजने की तैयारी में जुट गए हैं। टी20 विश्व कप का आगाज सात फरवरी से होने जा रहा है।