सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने आज करमा विकासखंड अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय केकराही स्थित बूथ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची विशेष अभियान के तहत जमा किए जा रहे फार्म-6 की प्रक्रिया की जानकारी ली और मौके पर उपस्थित संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र अनुलग्नक-4 अनिवार्य रूप से लिया जाए। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि कुछ बूथों पर फार्म-6 के साथ अनुलग्नक-4 नहीं लिया जा रहा है, जो गंभीर लापरवाही है। उन्होंने बीएलओ को चेतावनी देते हुए कहा कि इस प्रकार की शिथिलता कतई न बरती जाए और प्रत्येक फार्म-6 के साथ अनुलग्नक-4 एवं घोषणा पत्र अवश्य संलग्न कराया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मतदाता से आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से लिए जाएं, जिनमें पूरा पता, फोटो एवं मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन से जुड़े कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा मतदाता सूची विशेष अभियान के अंतर्गत फार्म-6 के माध्यम से भरे जा रहे आवेदन की स्थिति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करते हुए फार्म-6 भरवाया जाए और सभी आवेदन समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से निस्तारित किए जाएं।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि 31 जनवरी 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, वे इस विशेष अभियान तिथि पर फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता वंचित न रह सके।
![]()












