सोनभद्र/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र के आदेशानुसार शुक्रवार को जिला कारागार सोनभद्र का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर महिला बंदियों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया तथा मासिक जेल लोक अदालत भी संपन्न हुई।
यह कार्यक्रम श्री राहुल, सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव (पूर्णकालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र एवं श्री आलोक यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनभद्र की उपस्थिति में आयोजित किया गया। निरीक्षण के दौरान जेलर/प्रभारी जेल अधीक्षक श्री अरविंद कुमार सिन्हा, उप कारापाल श्री शशांक पटेल एवं जय प्रकाश, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल सोनभद्र उपस्थित रहे।
मासिक जेल लोक अदालत के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा कुल 10 मामलों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 1 मामले में 2 अभियुक्तों ने जुर्म स्वीकार करते हुए जेल लोक अदालत के माध्यम से अपना प्रकरण निस्तारित कराया। इस प्रकार कुल 1 मुकदमे का अंतिम रूप से निस्तारण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला कारागार में निरुद्ध सिद्धदोष बंदियों से एक-एक कर उनकी अपील से संबंधित जानकारी ली गई तथा उनके मुकदमों की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बंदियों की समस्याएं भी सुनीं और उन्हें विधिक सहायता से संबंधित जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर जेलर को निर्देशित किया गया कि जिन बंदियों की आर्थिक स्थिति निजी अधिवक्ता रखने की नहीं है, उनसे बातचीत कर निःशुल्क विधिक सहायता हेतु उनका प्रार्थना पत्र नियमानुसार संबंधित न्यायालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र को उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रत्येक बंदी को न्याय तक पहुंच सुनिश्चित हो सके।
![]()












