लखनऊ/एबीएन न्यूज। मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने वाराणसी से लखनऊ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए रेल संरक्षा, परिचालन व्यवस्था, यात्री सुविधाओं एवं स्टेशनों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन को सुरक्षित, सुचारु एवं यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक जफराबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन की साफ-सफाई, टिकट व्यवस्था तथा यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान पेयजल की गुणवत्ता की जांच की गई और वॉटर टैंक की साफ-सफाई एवं रखरखाव के संबंध में संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इसके उपरांत जौनपुर सिटी स्टेशन पर शहीद दिवस के अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन मास्टर कक्ष में पहुंचकर रेलगाड़ियों के परिचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी ली। साथ ही जौनपुर स्टेशन परिसर एवं टाइप-3 रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर आवासीय एवं स्टेशन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण क्रम में श्री कृष्णा नगर स्टेशन के निकट स्थित ब्रिज संख्या 118 का गहन निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात हरपालगंज स्टेशन के समीप लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 29-सी का विस्तृत निरीक्षण किया गया, जहां तैनात कर्मचारी के परिचालन संबंधी ज्ञान का भी परीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने हरपालगंज रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसी क्रम में पाखरौली के पास स्थित लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 66 (स्पेशल) एवं गेट संख्या 90-सी का भी निरीक्षण किया गया।

अंत में मंडल रेल प्रबंधक सुलतानपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था एवं परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने रेलवे अस्पताल एवं रनिंग रूम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं को परखा तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

इस निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री शूरवीर सिंह चौहान, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कुलदीप तिवारी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रजनीश श्रीवास्तव सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












