दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय महिला आयोग के 34वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर एवं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा विजया राहटकर की विशिष्ट उपस्थिति रही।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के दुद्धी कस्बे की निवासी, डॉ. विनय कुमार एवं ज्योत्सना देवी की सुपुत्री राजनंदिनी को ‘शक्ति फेलोशिप’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें मंच से स्वयं केंद्रीय मंत्रियों एवं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा द्वारा प्रदान किया गया, जिससे कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि शक्ति फेलोशिप के लिए देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में शोध कर रही मात्र 20 प्रतिभाशाली बालिकाओं का चयन किया गया था। इनमें से भी केवल 2 प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच से सम्मानित होने का अवसर मिला, जिसमें राजनंदिनी का चयन होना सोनभद्र जनपद के लिए गौरव का विषय है।

राजनंदिनी की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जनपद सोनभद्र और उत्तर प्रदेश में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। यह सम्मान क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर सामने आया है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में राजनंदिनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘वनबंधु नरेंद्र मोदी’ का लोकार्पण भी नई दिल्ली में कई केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में किया गया था, जो उनकी बौद्धिक क्षमता और शोध कार्यों को दर्शाता है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों ने राजनंदिनी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी की बालिकाओं को शिक्षा, शोध और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
![]()











